चंदौली। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति के विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जिले के सभी थानों, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान थाना सदर कोतवाली पुलिस ने पैदल मार्च निकालकर पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
वहीं एंटी रोमियो स्क्वाड ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास चेकिंग कर मनचलों पर नजर रखी। अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 और निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला अधिकारों, घरेलू हिंसा, दहेज निषेध और कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के तरीके भी बताए। आपात स्थिति में 112, 1090, 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई।

