चंदौली। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत बुधवार को बिछिया स्थित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं राजकीय बालगृह में महिला सशक्तिकरण और बाल प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और संस्थान की महिला कार्यकत्रियों व शिक्षिकाओं के साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
इस दौरान डॉ. चारु द्विवेदी ने बालगृह में रह रहे बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। बच्चों को मिष्ठान खाद्य सामग्री नए वस्त्र और उपहार वितरित किए गए। वहीं संस्थान में कार्यरत महिला कार्यकत्रियों एवं शिक्षिकाओं को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया और आगामी पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान महिला कार्यकत्रियों एवं शिक्षिकाओं को महिला सशक्तिकरण अधिकारों सुरक्षा उपायों और महिलाओं व बच्चों के लिए संचालित सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को शिक्षा के महत्व अनुशासन और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास तथा सकारात्मकता की भावना को बढ़ावा देना है। पुलिस की ओर से महिला एवं बाल सुरक्षा के साथ सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।

