31.1 C
Chandauli
Wednesday, October 14, 2026

Buy now

मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण में मिली खामियां,डीएम ने लगाई फटकार

- Advertisement -


चंदौली। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कड़ी नाराजगी जताई। बुधवार को उन्होंने चकिया क्षेत्र के गणेशपुर में निर्माणाधीन विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कई खामियां मिलने पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद सामग्री गुणवत्ता परीक्षण मशीन की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल हो रही ईंट, सीमेंट, कंक्रीट सहित अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जांच के दौरान विद्यालय के पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में कमियां सामने आईं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को तत्काल सभी खामियों को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अभियंता मौजूद रहे।

Related Articles

Election - 2024

Latest Articles

Verified by MonsterInsights