चंदौली। क्षेत्र के पचफेड़वा स्थित स्व. राम विलास सिंह शिक्षण संस्था महिला महाविद्यालय में बुधवार को नवरात्रि एवं दशहरा के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा मां नवदुर्गा की भव्य आरती के साथ हुआ। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
समारोह में महिला महाविद्यालय एवं लॉ कॉलेज की बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, एमए, एमएससी, एमकॉम, एलएलबी और बीए-एलएलबी की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने नवरात्रि, दशहरा, मां दुर्गा की महिमा और डांडिया पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

उनकी प्रस्तुतियों पर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय की नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में सूर्या हॉस्पिटल, चंदौली के डॉ. गौतम त्रिपाठी एवं डॉ. यशी त्रिपाठी ने सहभागिता की। इस अवसर पर संस्था के प्रबंध निदेशक छत्रबली सिंह ट्रस्टी प्रीमियम सिंह, महाविद्यालय प्रशासक एवं प्राचार्य डॉ. वसुंधरा चरण, सचिव अशोक सिंह, प्रवक्तागण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। समारोह के माध्यम से छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नारी शक्ति के महत्व को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. वसुंधरा चरण ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

