चंदौली। मुख्यालय स्थित डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार सभागार में बृहस्पतिवार को वरिष्ठ पत्रकार राकेश चंद्र यादव के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिवक्ताओं और पत्रकारों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। सभा में उपस्थित लोगों ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। वह अपनी लेखनी के माध्यम से समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और आम लोगों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। वरिष्ठ पत्रकार राकेश चंद्र यादव ने भी अपने कार्यों और पत्रकारिता के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पूर्व महामंत्री झनमेजय सिंह ने कहा कि पत्रकार देश की रीढ़ और समाज का आईना हैं। पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। जो समाज को जागरूक करने के साथ ही व्यवस्था की कमियों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि एक निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकार अपनी लेखनी से समाज को सही दिशा देने का काम करता है। ऐसे में वरिष्ठ पत्रकार राकेश चंद्र यादव का निधन पत्रकारिता जगत के लिए दुखद है। सभा में मौजूद अधिवक्ताओं और पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान एडवोकेट संतोष कुमार सिंह, राकेश रतन तिवारी, आनंद सिंह, नंदकिशोर सिंह, रमाशंकर सिंह, शमसुद्दीन, उज्जवल सिंह,राजबहादुर सिंह, अनिल सिंह, रिंकू सिंह, उज्जवल स्वरूप श्रीवास्तव, योगेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मनोज त्रिपाठी, बाबर अली, कमलेश गिरी, आरिफ हाशमी, शमशाद अली, आसाराम, रजनीश तिवारी, जितेंद्र सिंह, दिनेश यादव, अमित पाठक, सतीश तिवारी, लारेन सिंह, सुजीत कुमार,आदि उपस्थित रहे।

