चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को पड़ाव स्थित जयपुरिया स्कूल में डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की मौजूदगी में सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित अधिकारियों को रूट मैप, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं पार्किंग के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।प्रशासन के अनुसार, निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र के वाहन चालकों को इन पुलों के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। एयर शो देखने आने वाले चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल और एसआरएन स्कूल के पीछे मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं, दोपहिया वाहनों के लिए बहादुरपुर रोड सहित अन्य निर्धारित स्थल तय किए गए हैं। पड़ाव क्षेत्र की पार्किंग भरने पर वाहनों को रामनगर स्थित लंका मैदान की ओर भेजा जाएगा। एयर शो में शामिल नहीं होने वाले वाहन चालकों को एनएच-19 और रिंग रोड का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों को निर्बाध रास्ता देने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया और यातायात प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

