चंदौली। दुर्गा पूजा महोत्सव सम्पन्न होने के बाद बुधवार को जनपद में जगह-जगह पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। नगर व क्षेत्र में दुर्गा पूजा समिति की ओर से का विसर्जन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस दौरान भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को अंतिम विदाई दी। वहीं मां के जयकारों से पूरा नगर व क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मूर्ति विसर्जन के दौरान नगर के काली माता तालाब पर सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।
वही धरौली में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन से पहले मां दुर्गा की प्रतिमा को ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों पर पर सजाकर नगर सहित पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान मां के अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रतिमा भ्रमण के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। विसर्जन से पूर्व दुर्गा पूजा पंडाल में परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इसके बाद प्रतिमा को विसर्जन स्थल स्थित तालाब की ओर ले जाया गया। इस दौरान डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और विदाई गीतों के बीच श्रद्धालु भावुक नजर आए। मां दुर्गा की विदाई के समय माहौल भक्तिमय होने के साथ ही भावुक भी हो गया। इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सुरजीत सिंह, उपाध्यक्ष अमित सिंह, व्यवस्थापक संदीप सिंह, भोले सिंह, चितरंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

