चंदौली। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मिला और चहनियां के व्यापारी रतन बरनवाल के साथ मारपीट कर 1.20 लाख रुपये लूटे जाने की घटना में अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई है। साथ ही घटना का जल्द खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। लेकिन बलुआ थाना पुलिस अभी तक लूट की घटना का सुराग नहीं लगा सकी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से व्यापारी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।इस दौरान सैदूपुर के व्यापारी बजरंगी गुप्ता के चार लाख रुपये के बकाये का मामला भी उठाया गया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बकाया राशि वापस कराने के मामले में सैदूपुर चौकी प्रभारी द्वारा हीलाहवाली की जा रही है। इस पर एसपी ने लूटकांड में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और बकाया रकम वापस नहीं करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल में अशोक केशरी, सतीश गुप्ता, बजरंगी गुप्ता, किशन बरनवाल, सोनू राजभर और कमल सिंह, शामिल रहे।

