चंदौली। सकलडीहा कस्बा के 35 वर्षीय मुख्तार हाशमी और मैढी गांव निवासी शाहिद हाशमी की शनिवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों युवक शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए भदोही जनपद के कटरा जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताते है कि सकलडीहा कस्बा निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन हाशमी के पुत्र मुख्तार हाशमी की शादी धरौली चौकी क्षेत्र के मैढी गांव निवासी फिरोज की पुत्री रानी से हुई थी। मुख्तार के दो पुत्र आफताब और मेहताब हैं। बताया गया कि रानी के भाई राजू की शादी आगामी 7 जून को होनी है। इसी सिलसिले में शनिवार को मुख्तार हाशमी अपनी लूना बाइक से मैढी गांव पहुंचे थे। वहां से अपने रिश्तेदार शाहिद हाशमी के साथ भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र के कटरा गांव निमंत्रण देने के लिए निकले थे। रात करीब 9:30 बजे भट्ट पुरवा गांव के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल ज्ञानपुर भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

