चंदौली। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच सदर विकास खंड की ओर से मंगलवार को राहगीरों और यात्रियों के लिए शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ब्लाक परिसर के बाहर लगाए गए स्टाल पर सैकड़ों लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई। तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने शरबत पीकर राहत महसूस की और आयोजन के लिए विकास खंड प्रशासन का आभार जताया।
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत बृजेश कुमार सिंह और ब्लाक प्रमुख संजय सिंह बबलू ने स्वयं स्टाल पर खड़े होकर राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और यात्रियों को शरबत पिलाते नजर आए। दोनों अधिकारियों ने लोगों से गर्मी में सावधानी बरतने और अधिक से अधिक पानी पीने की अपील भी की।

ब्लाक प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को पानी या शरबत पिलाना सबसे बड़ा पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। आगे भी गर्मी के मौसम में इस प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। वहीं एडीओ पंचायत बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि तेज गर्मी के बावजूद लोग जरूरी कार्यों से घरों से बाहर निकलने को मजबूर हैं। ऐसे में उन्हें राहत पहुंचाना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की। इस दौरान एडीओ एसटी आलोक कुमार सिंह, ग्राम विकास अधिकारी राजेश विश्वकर्मा, प्रशांत यादव, दीपक यादव, मनोज सिंह, अभय कुमार सिंह, बृजेश चौहान,अमित कुमार सिंह,राकेश आदि मौजूद रहे।

