चंदौली। सदर ब्लाक क्षेत्र के शाहपुर डंगरा गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने दो परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मुरारी बियार एवं विजई बियार का कच्चा मकान जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने से घर में रखा अनाज,कपड़ा,बिस्तर, बर्तन समेत गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। इसके साथ ही मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को ढांढस बंधाया। सूचना पर ब्लाक प्रमुख संजय सिंह बबलू भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ ही फोल्डिंग, खाने-पीने की सामग्री एवं अन्य जरूरी सामान का वितरण किया। ब्लाक प्रमुख ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की मांग भी की।ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। इस दौरान मनोज सिंह, आनंद प्रकाश सिंह, पंकज सिंह,उपेंद्र सिंह, सुजीत सिंह, राघवेंद्र सिंह संतोष गुप्ता मौजूद रहे।

