चंदौली। जनपद में प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सूर्या हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. गौतम त्रिपाठी ने इंटरमीडिएट की मेधावी छात्रा रेखा बिंद को सम्मानित किया। रेखा बिंद कवई पहाड़पुर गांव की निवासी हैं जो यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में 93.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान और प्रदेश में 14वां स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की उपस्थिति में रेखा को प्रशस्ति पत्र और 12 हजार की धनराशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उसकी मेहनत की सराहना की। डॉ. गौतम त्रिपाठी ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि परिश्रम और लगन से पढ़ने वाले बच्चे ही दुनिया में इतिहास रचते हैं। उन्होंने कहा कि रेखा जैसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा हैं और अन्य छात्रों को भी उनसे सीख लेनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। रेखा बिंद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

