चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बुधवार रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार सुबह परिजन नए मकान पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर असलहा लिए नजर आ रहे हैं।
पीड़ित भानु मौर्य के अनुसार चोर घर से 1.60 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी सहित अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। उनका नया मकान है, जहां दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार रात में पुराने मकान में सोने चला जाता था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी बिरना गांव पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार धानापुर क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं हुई हैं। ब्लॉक मुख्यालय के पास हनुमान मंदिर से 500 ग्राम चांदी का मुकुट तथा नरौली काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी हो चुकी हैं। लगातार वारदातों से ग्रामीणों में नाराजगी है और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। इस बाबत धानापुर थानाध्यक्ष ने बताया बंद मकान में चोरी हुई हैं। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं। विधिक कार्यवाई की जा रही है।

