चंदौली। महापर्व छठ पूजा को लेकर रविवार को नगर के सावजी व काली माता पोखरों पर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। साथ ही पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया। इस दौरान पोखरे, सरोवर व तालाब के तटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा था। प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, आवागमन एवं रोशनी की व्यापक व्यवस्था की गई थी। सरोवर पर छठी माता के गीत से पूरा इलाका देर रात तक गूंजता रहा। साथ ही आतिशबाजी और ढोल नगाड़े के साथ लोगों ने त्यौहार की खुशियां एक-दूसरे से साझा की।डाला छठ पर्व के मद्देनजर नगर में दोपहर से ही श्रद्धालुओं का भारी हुजूम सरोवर पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं के साथ ही उनके परिवार के लोग घाट पर पहुंच गए। घरों से डाल लेकर पहुंची महिलाओं ने वेदी पर पूजन सामग्री व फल चढ़ाकर भगवान सूर्य की उपासना की। इसके बाद व्रती महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया और दीप कलश लेकर घर वापस लौटीं। सरोवर पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल के साथ ही गोताखोरों को भी तैनात किया गया था। इस दौरान घाटों पर मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। जहां बच्चे चाट फुल्की व अन्य सामानों की खरीदारी कर लुत्फ उठाए। वही छठ पर्व को लेकर घाटों पर व्रती महिलाओं के साथ उनके परिजन व युवतियां सेल्फी लेती नजर आईं। साथ ही उनकी घर की बहुएं भी सेल्फी को लेकर उत्साहित दिखी। युवक भी अपनी व्रती माताओं के साथ सेल्फी लेते दिखे। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। साथ सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह चक्रमण करते रहे वहीं प्रशासनिक अधिकारियों व एडीजी नवीन अरोरा व एसपी आकाश पटेल ने भी सरोवरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही लोगों से शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की।

