चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय गांव के समीप नेशनल हाईवे पर सोमवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जगदीश सराय गांव निवासी श्रीराम (40) घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे इसी दौरान नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी का भी करीब छह वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। ऐसे में युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।

