चंदौली। मुगलसराय पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सर्विलांस टीम की मदद से महिलाओं को नौकरी व मकान दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धन उगाही करने वाले सरगना सहित तीन पुरुष व एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से आठ एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 72,300 रुपये नकद, नौ एटीएम कार्ड, फर्जी व कूटरचित पहचान पत्र, बैंक पासबुक-चेकबुक, पोर्टेबल वाईफाई डिवाइस, टॉर्चर किट समेत एक स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद हुआ उक्त मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन सभागार में किया।
उन्होंने बताया कि थाना मुगलसराय में दो महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिनका आरोप था कि नौकरी और मकान दिलाने के बहाने उन्हें डहिया स्थित मकान में ले जाकर बंधक बनाया गया। वहां मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर परिजनों से फिरौती मांगी गई। एक मामले में करीब 30 हजार रुपये तथा दूसरे में पांच लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। पीड़िताओं के खातों से फोन-पे के माध्यम से रकम भी ट्रांसफर कराई गई। जिसमें मुख्य आरोपी विजय कुमार गुप्ता उर्फ रॉकी का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक वह अपने भाई कृष्ण कुमार गुप्ता, पत्नी अंजली गुप्ता और परिचित विशम्भर विश्वकर्मा के साथ मिलकर गिरोह संचालित करता था। महिलाओं को मकान दिखाने के बहाने विशम्भर बद्रीपुरम स्थित मकान तक लाता था। और महिला अंजली खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर महिलाओं को डराती-धमकाती थी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

