चंदौली। बरठी कमरौर गांव में कुछ महीने पहले शुरू हुए रेलवे ओवरब्रिज की सड़क पर दरार पड़ने और गड्ढा होने का मामला सामने आया है। ओवरब्रिज की सड़क की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू हुए अभी ज्यादा समय नहीं बीता है और सड़क की सतह पर दरार तथा गड्ढा दिखाई देने लगा है। यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया गया होता तो इतनी कम अवधि में इस तरह की समस्या सामने नहीं आती। लोगों ने संबंधित कार्यदायी संस्था और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। गौरतलब है कि सदर ब्लाक क्षेत्र के बनौली खुर्द में भी इसी कार्यदायी संस्था की ओर से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। मार्च 2026 में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने की घटना सामने आई थी। इसके बाद गठित जांच टीम ने मौके का निरीक्षण कर शटरिंग समेत निर्माण कार्य में कई खामियां उजागर की थीं। अब बरठी कमरौर के ओवरब्रिज की सड़क में दरार और गड्ढे की सूचना सामने आने से एक बार फिर संबंधित कार्यदायी संस्था और विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ओवरब्रिज की तकनीकी जांच कराकर निर्माण में सामने आई खामियों को तत्काल दूर कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका न रहे।

