चंदौली। नगर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सदर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम सड़क पर उतरी और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की जांच की। अचानक चले अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर कागजात, हेलमेट समेत यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए। वहीं, अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर पूछताछ भी की। कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने को कहा। साथ ही चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों के हाथों में बाइक या अन्य वाहन न दें। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है और यातायात नियमों का उल्लंघन भी होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के प्रति लापरवाही करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

