चंदौली। जनपद में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता आशीष कुमार के निर्देश पर जिले के सभी खंडों में हाई लॉस के रूप में चिह्नित फीडरों पर विशेष जांच की गई। सुबह-सुबह टीम की कार्रवाई से बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
बिजली आपूर्ति के सापेक्ष अधिक लोड मिलने और लाइन लॉस की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने यह अभियान चलाया। नगर क्षेत्र में विजिलेंस प्रभारी अमरेश चंद्र और अवर अभियंता प्रमोद यादव के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर बिजली कनेक्शनों मीटरों और आपूर्ति व्यवस्था की जांच की। इस दौरान बिजली चोरी के संदिग्ध मामलों की पड़ताल की गई। अभियान के दौरान बिजली चोरी के मामलों में दर्जनों उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं विभाग की ओर से संबंधित मामलों में करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। टीम ने बकायेदारों से करीब एक लाख 50 हजार रुपये की वसूली की। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों और बकायेदारों में खलबली मची रही। विभागीय अधिकारियों ने अभियान के माध्यम से बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने और राजस्व वसूली में तेजी लाने की दिशा में कार्रवाई की। इस बाबत अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर हाई लॉस फीडरों पर सुधार के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चयनित फीडरों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अवर अभियंता बिजलेंस मणिशंकर पाल, अशोक यादव, बृजेश सिंह, मनोज मौर्या, बीरबल, सोमारू आदि मौजूद रहे।

