चंदौली। पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर महिलाओं ने बृहस्पतिवार को करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा। शाम को सोलहों शृंगार कर महिलाओं ने भगवान गणेश और मां गौरी की पूजा-अर्चना की। रात में चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य दिया और चलनी की ओट से पहले चांद, फिर पति का चेहरा निहारा। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।

वहीं, जिन महिलाओं के पति कामकाज के सिलसिले में घर से दूर रहे, उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से पति का चेहरा देखकर व्रत पूरा किया। करवा चौथ को लेकर महिलाओं की तैयारियां कई दिन पहले से ही शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने पूजन सामग्री, करवा और चलनी समेत अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी पहले ही कर ली थी। बृहस्पतिवार की सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने भोर में निर्जला व्रत का संकल्प लिया और दिनभर बिना अन्न-जल ग्रहण किए व्रत रखा। शाम को स्नान-ध्यान के बाद सोलहों शृंगार कर पूजा-अर्चना की। नगर के विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में महिलाओं ने एकत्र होकर विधि-विधान से पूजन किया। चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने चलनी से चांद और पति का चेहरा देखकर पति के हाथों जल ग्रहण किया और व्रत खोला।

