चंदौली। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डॉ. आरडी मेमोरियल हॉस्पिटल की ओर से नगर स्थित साव जी पोखरे पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छठ पूजा के लिए घाट पर पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में डॉ. शुभम सिंह एवं डॉ. दिव्यांगी सिंह ने श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक जांच के बाद उचित चिकित्सकीय सलाह दी। साथ ही जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर से लोगों को काफी सहूलियत मिली। पूजा-अर्चना के बीच स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालुओं को मौके पर ही चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। श्रद्धालुओं ने अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया। धार्मिक आयोजनों के दौरान इस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से लोगों को काफी राहत मिलती है।

