चंदौली। मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय पर बुधवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने पत्रकारों से बातचीत कर आगामी 20 से 24 अक्टूबर तक धानापुर में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय श्रीराम कथा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि भगवान श्रीराम सभी के आदर्श हैं। उनके जीवन से सत्य, त्याग, कर्तव्य, मर्यादा और संस्कार की प्रेरणा मिलती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और लोगों में आपसी प्रेम, शांति व सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन महाराज का चंदौली में पहली बार आगमन हो रहा है। ऐसे में श्रीराम कथा का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, मर्यादा और संस्कार का संदेश दिया जाएगा।विधायक ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम के आदर्शों पर चलकर समाज में बेहतर वातावरण और आपसी भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

