चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को चकिया थाने का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था व प्रशासनिक व्यवस्थाओं और पुलिसिंग कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, मेस, हवालात और शौचालय की साफ-सफाई का निरीक्षण कर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, फ्लाई शीट, रोजनामचा, त्योहार रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। मालखाने में माल-मुकदमाती सामान के रखरखाव की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों से संबंधित संपत्ति के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। शस्त्रागार में हथियारों और दंगारोधी उपकरणों की स्थिति भी जांची गई। मिशन शक्ति केंद्र पर महिला पुलिसकर्मियों से महिला शिकायतों और उनके निस्तारण की जानकारी लेते हुए पीड़िताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए। एसपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने को कहा। आईजीआरएस शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष निस्तारण और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यक्ष ऐप और डिजिटल बीट पुलिसिंग की भी समीक्षा हुई। बीट अधिकारियों को क्षेत्र से संबंधित डेटा नियमित रूप से अपडेट करने और ऐप पर प्राप्त अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

