चंदौली। जनपद के सभी पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनरों को नवंबर-दिसंबर से पहले अपना जीवित प्रमाण-पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) अपडेट करा लेना चाहिए। वरिष्ठ कोषाधिकारी आलोक चंद्र ने पेंशनरों से समय रहते प्रमाण-पत्र जमा करने की अपील की है। जिससे पेंशन संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि अब पेंशनभोगी घर बैठे डिजिटल माध्यम से जीवित प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें कोषागार कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है। पेंशनर आधिकारिक वेबसाइट www.jeevanpramaan.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी डाकघर, जन सुविधा केंद्र (सीएससी) और साइबर कैफे की मदद भी ली जा सकती है। मोबाइल या कंप्यूटर से भी डिजिटल प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध है।आवेदन के लिए पेंशनरों को आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशनर का नाम, पेंशन का प्रकार, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड सहित आवश्यक विवरण देने होंगे। साथ ही स्वीकृति प्राधिकारी के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार, वितरण एजेंसी के रूप में उत्तर प्रदेश कोषागार-उप कोषागार तथा कोषागार के रूप में चंदौली का विवरण दर्ज करना होगा। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण भी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने पेंशनरों से अपील की कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते जीवित प्रमाण-पत्र जमा कर दें।

