चंदौली। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व को लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व नजदीक आते ही राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। बाजारों में जगह-जगह रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सजी दुकानें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
राखी की दुकानों पर युवतियों और महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखी खरीदने के साथ ही मिठाई और उपहार भी खरीद रही हैं। दुकानदारों के अनुसार बाजार में 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और विभिन्न डिजाइनों वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रक्षा बंधन को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोग भाइयों और बहनों के लिए मिठाई खरीदते नजर आए। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की है। वहीं बच्चों में भी रक्षा बंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे रंग-बिरंगी राखियां और पसंदीदा मिठाइयां खरीदने के लिए परिजनों के साथ बाजार पहुंच रहे हैं।

