चंदौली। विंध्य एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित निर्माण का विरोध तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसान नौगढ़ में समाजवादी पार्टी के सांसद छोटे लाल खरवार से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपकर उपजाऊ एवं रिहायशी भूमि को एक्सप्रेसवे के दायरे से बाहर रखने की मांग की। किसानों ने कहा कि यदि परियोजना मौजूदा प्रस्ताव के अनुसार लागू हुई तो बड़ी संख्या में किसानों की खेती योग्य जमीन और आवास प्रभावित होंगे जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
किसानों ने सांसद से न्याय दिलाने की अपील करते हुए कहा कि उनकी वर्षों की मेहनत से तैयार उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। उन्होंने सरकार से एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव को निरस्त करने अथवा वैकल्पिक मार्ग तय करने की मांग की। सांसद छोटे लाल खरवार ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उपजाऊ और रिहायशी जमीन पर विंध्य एक्सप्रेसवे नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए उनकी आवाज संसद से लेकर हर मंच पर उठाई जाएगी। सांसद ने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार विकास के नाम पर किसानों की जमीन छीनने का प्रयास कर रही है, जिसे समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। इस अवसर पर मुकेश यादव, वीरेंद्र कुमार, महेंद्र, मुरली यादव, नीरज प्रजापति, घनश्याम चौहान, राजेश विश्वकर्मा, पंकज, संजय, विनोद, मनीष, उपेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में किसान और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

