चंदौली। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर भगवानपुर गांव के समीप घेराबंदी कर 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी अर्टिगा कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राज और संजय निवासी ग्राम हामिद नगर, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे चंडीगढ़ से शराब खरीदकर बिहार में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के साथ उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह, कांस्टेबल प्रियेश यादव और कांस्टेबल तशरीफ शामिल रहे।

