चंदौली। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को आरटीई एक्ट के अनुरूप लागू करने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि जिन कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या 200 से अधिक है तथा एक ही विषय के दो शिक्षक तैनात हैं। वहां किसी भी शिक्षक का समायोजन न किया जाए। साथ ही 400 तक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में कम से कम तीन शिक्षकों की व्यवस्था बनाई जाए। ताकि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। संगठन ने सभी विकास खंडों में शिक्षक संकुल चयन प्रक्रिया एक साथ कराने, जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश देने तथा दूरस्थ ड्यूटी में संशोधन किया जाए। इसके अलावा लंबित वेतन भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नियमानुसार नहीं हुआ तो संगठन न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होगा। इस दौरान जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह, सदानंद दुबे, रणविजय सिंह, महेंद्र मौर्य इमरान अली सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

