39.9 C
Chandauli
Thursday, April 2, 2026

Buy now

Home Blog Page 282

ठाकुर प्रसाद सिंह : उजास के हास की शताब्दी

Young Writer

Young Writer, साहित्य पटल। ललित निबंधकार डा. उमेश प्रसाद सिंह

उजाला हँसता है? हाँ, हाँ हँसता है। कैसे हँसता है? जैसे ठाकुर प्रसाद सिंह हँसा करते थे। एक दिसम्बर को उनके जन्म का शताब्दी वर्ष शुरू हो रहा है। हमारे लिए उनका शताब्दी वर्ष अँधेरे की तमाम जटिलताओं और भयावहता के बीच भारतीयता के उजास के हास की शताब्दी की तरह है।
हमारी स्मृति में ठाकुर प्रसाद सिंह की उपस्थिति आज भी बिल्कुल टहक है। बिल्कुल टटकी है। अपनी विविधि भंगिमाओं में, अपनी विविध भूमिकाओं में और अपने विविध रूप और रंग में हमारी सक्रियता में हस्तक्षेप करते हुए वे हमारे बीच उपस्थित हैं। उनकी उपस्थिति हमारे समय के लिए अनिवार और स्पृहणीय सार्थकता से परिपूर्ण है।

वे हमारी स्मृति में बहुत-बहुत तरह से मौजूद हैं। दुविधा के दोराहे पर सही रास्ते की तरफ उँगली उठाए हुए मौजूद हैं। प्रेम और सौन्दर्य के अभिनव प्रदेश में संवेदना के नए द्वार को खोलते हुए ,वंशी और मादल के गीत गाते हुए मौजूद हैं। ‘कुब्जा सुंदरी’ के मार्मिक प्रणय आख्यान को सुनाते हुए और सात घरों के गाँव की व्यथा की कथा को सुनते हुए मौजूद हैं। वे हमारे बीच एक केले के लिए किसी के पैरों पर थूथन रगड़ने की दीनता के विरूद्ध हारी हुई लड़ाई लड़ते हुए मौजूद हैं। वे गाँव के रास्ते पर सूर की कविता में यशोदा के मातृत्व का मर्म उद्घाटित करते हुए मौजूद हैं। वे समूची हिन्दी जाति को भारतीय स्वाभिमान की पहचान के लिए भरतेन्दु के घर का पता बताते हुए मौजूद हैं। उनकी उपस्थिति हमारी साहित्यिक विरासत की जीवंतता की उपस्थिति की पर्याय की तरह है। उनकी यात्रा अपने विरासत की गरिमा की प्रदक्षिणा है।

ठाकुर प्रसाद सिंह का समूचा रचनाकर्म आत्मकथात्मक अभिव्यक्ति का विलक्षण और अनूठा उदाहरण की तरह है। वे अपने विश्वास के साथ उन्मत झंझावत के समक्ष अडिग योद्धा क तरह खड़े रहने वाले साहित्यकार हैं। वे सामूहिक अस्तित्व की उपासना की आस्था वाले माहन रचनाकार हैं। उन्होंने केवल अपनी कलम से लिखकर ही साहित्य को समृद्ध नहीं किया है बल्कि साहित्य की समृद्धि के लिए अनेकों हाथों में कलम पकड़ाने का स्तुत्य दायित्व भी निभाया है। वे वाचिक परंपरा के आधुनिक संस्करण के पुरस्कर्ता के रूप में स्मरणीय हैं। उनकी वाणी का रंग स्याही से कभी अधिक गाढ़ा और प्रभावी सिद्ध रहा है। उनकी अभिव्यक्ति में निजता की छाप इतनी अनुरंजक है कि वह पाठक को अपनी लगने लगती है।
उनकी अभिव्यंजना अत्यन्त मूल्यवान और बहुस्तरीय अर्थ छवियों का गुलदस्ता बन जाती है। उसमें राहों के पांवों की कड़िया बन जाने के विडम्बना का बेधक दर्द भी है और आछी वन की मादक सुगन्ध भी। ठाकुर प्रसाद सिंह की रचनात्मक संवेदना में मनुष्यजाति के लिए उसके आदिम जीवन रस और सौन्दर्य के ऐश्वर्य का विपुल वैभव भरा पड़ा है। उनकी गरिमामय स्मृति का हार्दिक अभिनन्दन।

अंत्येष्टि स्थल व भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर डीपीआरओ दफ्तर पहुंचे Manoj Singh W

Chandauli डीपीआरओ से मनोज सिंह डब्लू ने मांगी जनहित से जुड़ी जानकारी

चंदौली(Chandauli)। जिले का पंचायती राज विभाग इन दिनों सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के निशाने पर है। मनोज सिंह डब्लू जनपद के अत्येष्टि स्थलों के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे को पत्र देकर अंत्येष्टि स्थल समेत कुल 10 बिंदुओं पर जानकारी तलब की। साथ चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी जानकारी विभाग सोमवार को उपलब्ध कराने में नाकाम रहा तो कार्यालय में ग्रामीणों की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि अंत्येष्टि स्थल समेत अन्य बिंदुओं को लेकर डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे से कई बार मौखिक वार्ता हुई और उनसे उनके विभाग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई थी। बार-बार मौखिल आश्वासन के बाद भी विभाग की ओर से जनहित से जुड़े मामले पर लगातार उदासीनता, शिथिलता बरती गयी और स्वयं डीपीआरओ द्वारा बार-बार टालमटोल किया गया। बताया कि विभाग से जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों का विवरण व उन पर हुए खर्च का ब्यौरा मांगा गया है। इसके अलावा जनपद में नियुक्त सफाई कर्मियों की जानकारी के साथ उन सफाई कर्मियों का ब्यौरा तलब किया गया है जो ग्राम पंचायतों में काम न करके सरकारी कार्यालयों से सम्बद्ध हैं और कौन सफाई कर्मी कितने दिनों से किस विभाग में सम्बद्ध है। कहा कि गत दिनों डीपीआरओ विभाग के बाबू द्वारा पैसा लेने का वीडियो वायरल हुआ था। उक्त प्रकरण की प्रगति और कार्यवाही की जानकारी मांगी गई है। कहा कि जनपद में ओडीएफ गांवों का विवरण समेत डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे के कार्यकाल में मिली शिकायतों पर हुई कार्यवाही की जानकारी मांगी गयी है। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, मिनी सचिवालयों के निर्माण, डीपीआरओ कार्यालय से सम्बद्ध कर्मचारियों का डेटा और डीपीआरओ ब्रह्चारी दुबे द्वारा अपने कार्यकाल में ग्राम पंचायतों के खाता सीज की कार्यवाही और उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी गयी है। क्योंकि लगातार ग्रामीण इलाकों से डीपीआरओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायत मिल रही हैं। बावजूद इसके जिले के आला अफसर मौन साधे हुए हैं। ऐसे में उक्त भ्रष्टाचार को उजागर करते हुए उसमें लिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ बिगुल फूंकने का काम जल्द होगा। बताया कि सूचना नहीं मिलने पर डीपीआरओ कार्यालय कैम्पस में सोमवार से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Chandauli:पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण,यातायात पुलिस ने डॉ विवेक सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित


चंदौली। यातायात माह का नवंबर माह के अंतिम दिन गुरुवार को समापन हुआ। इस दौरान पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसमें एएसपी आपरेशन सुखराम भारती और क्षेत्राधिकारी यातायात रघुराज के पर्यवेक्षण में और प्रभारी निरीक्षक यातायात सुरेंद्र कुमार यादव समेत यातायात पुलिस के कर्मियों सहित होमगार्ड पीआरडी के जवानों सहित पुलिस लाइन व कार्यालयों के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर समापन कराया गया।
इस समापन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन व नोडल यातायात द्वारा स्वयं का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। हरिओम हॉस्पिटल के डा.विवेक सिंह द्वारा बताया गया कि यातायात पुलिस का कार्य दिनभर खडे रहकर करने का है। इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। पुलिस विभाग के साथ कंधे से कन्धा मिलाकर सहयोग करने वाले डा.विवेक सिंह व उनकी टीम को यातायात पुलिस द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को टीएसआई लाल बहादुर पाण्डेय और सौरभ ओमप्रकाश, संजय उपाध्याय द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक घनश्याम प्रजापति, करण यादव, सीबू और विष्णुकांत तिवारी पुलिस लाइन मौजूद रहे।

मनोज सिंह डब्लू समेत पांच अन्य को कोर्ट से मिली जमानत,घोसी उपचुनाव जश्न मामले में दर्ज मुकदमें की न्यायालय में हुई सुनवाई


चंदौली। घोसी उपचुनाव में जीत का जश्न मनाने में मुगलसराय कोतवाली में सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के खिलाफ दर्ज मामले में गुरुवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान मनोज सिंह डब्लू समेत पांचों नामजद आरोपियों ने कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण किया। मामले में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अजय कुमार ने तर्क एवं साक्ष्य प्रस्तुत किए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपक मिश्रा की अदालत ने दोनों पक्षों की दलिलों को सुनने व साक्ष्यों के अवलोकन के बाद आरोपियों की जमानत मंजूर कर उन्हें जमानत दे दी।
विदित हो कि घोसी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह की जीत के बाद सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने समर्थकों के साथ मुगलसराय स्थित वीआईपी गेट पर सड़क पर वाहनों को खड़ा करके आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया था। उक्त मामले को स्वतः संज्ञान में लेते हुए मुगलसराय पुलिस द्वारा पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के साथ ही सपा नेता अंकित यादव, अभिषेक सिंह चिंटू, अभिनव सिंह भल्ला, संतोष उपाध्याय के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा अपराध संख्या-302/2023 दर्ज किया। इसी मामले में मुगलसराय पुलिस पहले ही पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के वाहनों को सीज करने की कार्यवाही कर चुकी है। अब उक्त मामले में मुगलसराय पुलिस द्वारा न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया, जिसके बाद न्यायालय की ओर से आरोपियों को समन जारी किया गया। इसी क्रम में गुरुवार को मनोज सिंह डब्लू समेत समेत अन्य आरोपी न्यायालय में सरेंडर किया और कोर्ट ने सभी को जमानत पर रिहा कर दिया। जमानत पर रिहा होकर न्यायालय से बाहर आए सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि घोसी उपचुनाव में जीत का जश्न मनाना सत्ता पक्ष को नागवार गुजरा। यही वजह रही कि सरकार के इशारे पर मुकदमा कायम किया गया। कहा कि जितना ही सत्ता शासन पुलिस के बल पर विपक्षी खेमे और आमजन को प्रताड़ित करेगी, उतना ज्यादा सत्ता परिवर्तन की संभावनाओं को बल मिलेगा।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों ने किया प्रदर्शन,वर्ष 2004 के शिक्षकों को सरकार दे पुरानी पेंशन



चंदौली। पुरानी पेंशन विसंगति समाधान संघर्ष मोर्चा की ओर से गुरुवार को प्रदेश नेतृत्व के अमानत पर जनपद के शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। इसमें शिक्षकों ने वर्ष 2004 बैच के शिक्षक को पुरानी पेंशन देने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारी मांगों पर सरकार ने विचार नहीं किया तो इसके परिणाम गंभीर होंगे। अंत में शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी अविनाश कुमार को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने 2004 वर्ष में जिन शिक्षकों की तैनाती हुई उसने पेंशन दिया जाएगा, लेकिन इस पर सिर्फ आज तक पूरा आश्वासन ही दिया गया। कहा कि 2004 वर्ष में बीटीसी पास हुए साथियों को सरकार तत्काल पेंशन मुहैया कराएं। जिससे शिक्षकों को राहत मिल सके। इसके बाबत सरकार से कई बार वार्ता भी हुई, लेकिन सरकार की ओर से आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसे लेकर शिक्षकों में आज भी पुरानी पेंशन वाले को लेकर आक्रोश है। इस दौरान प्रशांत कुमार सिंह, पंकज श्रीवास्तव, कुलदीप चौधरी, सुनीता तिवारी, उपेंद्र बहादुर सिंह, सुधीर सिंह, मनोज कुमार, मिथिलेश कुमार, धीरेंद्र, बलराम पाठक, आनंद पांडेय आदि उपस्थित रहे।

सहकारी समिति के बोर्ड पर महिला अध्यक्ष की जगह पति का नाम हुआ दर्ज,विधायक द्वारा फीता काटकर किया गया लोकार्पण


शहाबगंज। क्षेत्रीय सहकारी समिति शहाबगंज के परिसर में लगाया गया बोर्ड को लेकर किसानों में चर्चा व्याप्त है। वहीं बोर्ड मेम्बर ने भी विरोध दर्ज कराया। समिति के परिसर में क्षेत्र पंचायत द्वारा मनरेगा से टीन सेड व सीसी का कार्य कराया गया। कार्य का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक द्वारा फीता काटकर किया गया। लेकिन लगाये बोर्ड को लेकर ग्रामीणों में चर्चा व्याप्त हो गई है।
बोर्ड पर समिति के अध्यक्ष के रूप में मंजू देवी की जगह उनके पति का नाम इंद्रजीत गुप्ता का नाम दर्ज था। नाम बदलने को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हो गई। किसानों का कहना है कि महिला अध्यक्ष की जगह उनके पति कार्यभार देख ही रहे थे। अब अध्यक्ष की जगह अपना नाम भी दर्ज करा लिया की जब तक बोर्ड रहेगा तब तक मेरा नाम ही अध्यक्ष के रूप में दर्ज रहेगा।

बदला नाम किसी को पता न चले इसके लिए लोकार्पण कार्यक्रम में समिति के किसी सदस्य को भी नही बुलाया गया। महिला प्रतिनिधियों की जगह पुरुष प्रतिनिधि इतना बढ़ चढ़कर कार्य करते हैं। कि लोगों को मालूम ही नहीं चल पाता कि प्रतिनिधि महिला है। या पुरुष। समिति के सचिव भोला यादव से पूछा गया कि समिति का अध्यक्ष कौन है तो पहले वह अचकाचाएं लेकिन बाद में उन्होंने मंजू देवी को अध्यक्ष के रूप में बताया। बोर्ड पर नाम अध्यक्ष का गलत दर्ज होने के बारे में पूछने पर अनभिज्ञता जाहिर किया।

Chandauli:दो बाइकों की आमने- सामने हुई टक्कर,एक युवक मौत,कार्यवाई में जुटी पुलिस


बबुरी। थाना क्षेत्र के चंदाइत गांव के समीप शनिवार की देर शाम दो बाइको की आमने-सामने टक्कर हो गयी। घटना में एक बाइक पर बैठे दो युवक गंभीर गंभीर रूप से घायल हो गए। वही दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी मौक़े पर पहुची पुलिस ने तत्काल दोनों को एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान एक को मृत घोषित कर दिया।
बताते हैं कि मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपुर निवासी विक्की 35 वर्ष दो दिन पहले अपने ननिहाल बबुरी क्षेत्र के भभुआर गांव में घूमने आया हुआ था। शनिवार की देर शाम बब्बू का ममेरा भाई अजीत कुमार उसे घर पहुंचाने के लिए ग्राम प्रधान की पल्सर बाइक से उसको छोड़ने दुल्हीपुर जा रहा था। जैसे ही दोनों चंदाइत गांव के पास पहुचे की सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को घटनास्थल पर पहुचे थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान विक्की को मृत घोषित कर दिया। वही अजित का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस बाबत थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे ने दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज़ के दौरान चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जिसकी सूचना परिजनों को दे दी गयी।

GST टीम ने चंधासी में की छापेमारी‚ 3.90 करोड़ की पकड़ी चोरी

GST की छापेमारी

बोगस फर्मों के सहारे करोड़ों रुपए की सरकार को लगाया जाता है चूना

डीडीयू नगर(DDU NAGAR)। एशिया की प्रमुख चंधासी कोयला मंडी अपने काले कारोबार को लेकर हमेशा चर्चा में बनी है। यहां बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी, डिस्को कोयला, काले पत्थर की कुटाई, बोगस फर्मों के नाम पर करोड़ों अरबों रुपए का व्यापार कर सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व का चूना लगा रहे हैं। गत गुरुवार को जीएसटी टीम ने चंधासी कोयला मंडी सहित प्रदेश के चार जिलों में छापेमारी की छापेमारी के दौरान जीएसटी टीम ने दो फार्म से करीब 3.90 करोड़ रुपए जीएसटी चोरी पकड़ी। टीम ने फार्म के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई में जुड़ गई है। जीएसटी टीम के छापेमारी से चंदौसी कोयला मंडी में सियापा छा गया है।
जीएसटी टीम के अनुसार चंदौसी मंडी स्थित रतन ट्रांसपोर्टर व कोल सप्लायर प्रा ली के चंधासी समेत वाराणसी, मऊ, फैजाबाद, गोंडा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। जहां स्टाक व दस्तावेज मिलान करने पर 29400 टन कोयला अधिक मिला। कोयले की कीमत के हिसाब से करीब साढ़े 23 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी गई। वहीं जीएसटी टीम उज्जवल रिसोर्सेज एलपीजी चंधासी कार्यालय पर पहुंची। यहां एक नामित और एक बोगस फर्मों की जांच की गई, जहां साढ़े चौंतीस लाख रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी गई।

गौरतलब हो कि चंधासी कोयला मंडी में इस वर्ष जीएसटी टीम का तीसरी बार छापा पड़ा है। इसके पूर्व अप्रैल और नवंबर के पहले सप्ताह में चंधासी मंडी में छापा मार चुकी है। 26 अप्रैल को जीएसटी एसआईवी की टीम ने चंधासी कोल मंडी के बड़े व्यवसायी के चार ठिकानों पर छापा मारा था। छापामारी के दौरान बड़े पैमाने पर यहां खामियां मिला था। वहीं नवंबर के पहले सप्ताह में झारखंड के एक बड़े व्यवसायी के चंधासी कोल मंडी स्थित कार्यालय पर छापामारी की गई थी। एशिया की प्रमुख चंदौसी कोयला मंडी राजस्व चोरी के मामले में काफी नाम कमा चुकी है, जिससे अच्छे व्यापारियों का यहां कारोबार करना मुश्किल हो गया है। यहां का कोयला अवैध तरीके से नेपाल तक भेजा जाता है यही नहीं मध्य प्रदेश पश्चिम बंगाल के विभिन्न कोल फिल्डों से यहां कोयला लाया जाता है। इस मामले में सीबीआई की टीम 23 मार्च 2001 को चंदौसी स्थित कोयला मंडी जांच में पहुंची थी जहां-जहाँ के बाद उसके दस्तावेज जब कर लिया था इस दौरान मुगलसराय कोतवाली में दो व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा भी कायम कराया गया था।

जानकारों का कहना है कि चंधासी मंडी में झारखंड बिहार मध्य प्रदेश आदि स्थानों से इसी तरह के कोयले आते हैं। पकड़े जाने पर उनके फार्म का पता ही नहीं चलता। जिससे सरकार को लाखों करोड़ों रूपए राजसव का नुकसान होती है। ऐसे लोगों पर कथा कथित सत्ता धारी नेताओं का हाथ होता है। जिससे मामला कुछ समय बाद दब जाता है।

Naugarh: ग्राम्या ने महिला हिंसा विरोध दिवस निकाली जागरूकता रैली

नौगढ़ में निकाली गई जागरूकता रैली में शामिल ग्राम्या के लोग।
नौगढ़ में निकाली गई जागरूकता रैली में शामिल ग्राम्या के लोग।

नौगढ़(Naugarh)। महिला हिंसा विरोध पखवाड़ा अभियान 25 नवंबर (महिला हिंसा विरोध दिवस) का आयोजन ग्राम्या संस्थान एवं इब्तिदा नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधन में शनिवार को अंबेडकर पार्क तेन्दुआ से थाना नौगढ़ तक साइकिल रैली निकाली गई। जिसे थानाध्यक्ष चकरघट्टा सुधीर कुमार आर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वर्ष असमानता से समानता, सबकी गिनती एक समान थीम के अन्तर्गत संचालित किया जा रहा है।
रैली में संस्था के कार्यक्षेत्र वाले गांवों का भ्रमण कर बालिकाओं ने महिला पुरुष समानता, हिंसा से सुरक्षा, बालिकाओं व महिलाओं के सशक्तीकरण, समान शिक्षा, समान अधिकार जैसे मुद्दों को रेखांकित कर श्लोगन लिखे हुए तख्तियों के साथ लोगों को जागरूक किया। रैली का समापन थाना नौगढ़ सभाभार में आयोजित गोष्ठी के बाद हुआ। जिसमें संस्था प्रमुख बिन्दु सिंह ने 16 दिवसीय अभियान की थीम व विषय व इसके उद्देश्य के बारे में सविस्तार जानकारी दिया। पेट शो के जरिए घरेलू हिंसा एवं इससे जुड़े सुरक्षा कानून के प्रति जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने महिला हिंसा से जुड़े मुद्दों, महिलाओं को समान अवसर, सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, इत्यादि मुद्दों पर विचार व्यक्त किया। प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्य ने महिला हिंसा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करके आपातकालीन नम्बर 112 व 1090 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देकर हिंसा से सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। क्षेत्राधिकारी आपरेशन कृष्ण मुरारी शर्मा ने 1930 साइबर सिक्योरिटी नंबर व आपातकालीन सुरक्षा नम्बर के बारे में एवं संदिग्ध वेबलिंक, अनजाने मोबाइल ऐप के प्रति सजग रहने को कहा। बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर प्रत्येक थाने पर महिला पुलिस कर्मी की नियुक्ति व महिला हेल्प डेस्क संचालित है। आयोजन में संस्था के नीतू सिंह, सुरेन्द्र, राम बिलास, त्रिभुवन, श्रीराम, नवीन, अंजू, प्रीतम, शबाना, मधु सहित लगभग 200 किशोरियों ने भाग लिया।

निरीक्षणः चंदौली चेयरमैन ने लापरवाह पम्प आपरेटर को दी चेतावनी

चंदौली नगर स्थित गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण करते चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू।
चंदौली नगर स्थित गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण करते चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू।

चंदौली नगर स्थित गौशाला के निरीक्षण में संतोषजनक मिली व्यवस्थाएं

चंदौली(Chandauli): चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू ने शनिवार को नगर स्थित गौआश्रय स्थल व जलकल परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। साथ ही कर्मचारियों को गौवंश के उचित देखभाल व दवा-ईलाज का निर्देश दिया। कहा कि मवेशियों को समय से चारा-पानी उपलब्ध कराएं और बीमार पशुओं को पशु चिकित्सक को सूचित कर दवा-ईलाज कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने जन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए पानी टंकी का जायजा लिया, जहां मौके पर पम्प आपरेटर गायब मिला। हालांकि उनके निरीक्षण के दौरान वह ड्यूटी पर पहुंच गया। चेयरमैन ने लापरवाह पम्प आपरेटर को फटकार लगाई। चेताया कि आगे से आमजन द्वारा जलापूर्ति को लेकर शिकायत मिली तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कहा कि पेयजल नगर क्षेत्र के लोगों के दैनिक उपयोगी की बुनियादी जरूरत है। इसकी आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना करें और नगर पंचायत की ओर से जो दायित्व मिला है उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू द्वारा बताया गया कि नगर के पुरानी बाजार में स्थापित पानी टंकी से पर्याप्त और रोस्टर के अनुरूप पानी की आपूर्ति नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही है, जिसे संज्ञान में लेते हुए मौका मुआयना किया गया, जहां पम्प आपरेटर गायब मिला, जिसे चेतावनी दी गयी। वहीं गौशाला के निरीक्षण में पशुओं को दिए जाने वाले चारा और वहां की साफ-सफाई व्यवस्था को देखा गया, जो संतोषजनक मिला। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौशाला में मौजूद गौवंश की देखभाल प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और समय-समय पर उसका जायजा लिया जा रहा है, ताकि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही ना होने पाए। कर्मचारियों को लगातार शासन की मंशा व प्राथमिकता के अनुरूप कार्य करने के लिए निर्देशित किया जाता है।

Chandauli
broken clouds
39.9 ° C
39.9 °
39.9 °
13 %
6.3kmh
79 %
Thu
39 °
Fri
40 °
Sat
40 °
Sun
40 °
Mon
38 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights