29.9 C
Chandauli
Tuesday, July 7, 2026

Buy now

Home Blog Page 347

किसी भी भाषा को पढ़ने व जानने का अधिकार सबकाः डा. इफ्तिखार

प्रभुपुर संस्कृत विद्यालय में इरफान को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते डा.इफ्तिखार।
प्रभुपुर संस्कृत विद्यालय में इरफान को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते डा.इफ्तिखार।

मदरसा बोर्ड के चेयरमैन संस्कृत बोर्ड में टाप करने वाले छात्र को दी शाबाशी

young Writer, चहनियां। श्री सम्पूर्णानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रभुपुर के छात्र मोहम्मद इरफान पुत्र सलाउद्दीन, निवासी दीनदासपुर संस्कृत बोर्ड में टॉप करने पर शनिवार की दोपहर में विद्यालय पर पहुंचे मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डॉ0 इफ्तिखार अहमद जावेद ने छात्र व उनकी माता वारुक से मुलाकात की। उन्हें अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह व पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय के प्रबंधक जयश्याम त्रिपाठी व प्रधानाचार्य अजय श्याम त्रिपाठी को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डा.इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि इरफान ने संस्कृत विषय मे टॉप करके एक मिसाल कायम किया है। धर्म और भाषा को लेकर उत्पन्न सवाल पर कड़ा प्रहार किया है। इरफान ने शिक्षण संस्थान में साबित किया है कि किसी भी धर्म का छात्र किसी भी भाषा से ज्ञान अर्जित करके अपने परिवार, समाज, गांव, जिला एवं प्रदेश का नाम रौशन कर सकता है। उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड द्वारा संचालित मदरसों में हिन्दू बच्चे भी पढ़ते हैं, जो उर्दू, फारसी एवं अनेक भाषाओं को सीखकर शिक्षा ग्रहण कर रहे है। यह हम सबके लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते है कि सबका साथ, सबका विकास। मोहम्मद इरफान ने प्रधानमंत्री के कथन को साबित करके दिखा दिया। ये संस्कृति में आगे चलकर और टॉप करे यही शुभकामना देता हूं। इस दौरान विवेक सिंह यादव, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, वहीदुल्ला खान सईदी, सन्तोष कुमार दुबे, अतुलरत्न मिश्र, अगनु राय, संजय सिंह यादव, राजकेश्वर त्रिपाठी, महेंद्र प्रसाद आदि उपस्थित थे।

विशेष लोक अदालत में 1288 लघु आपराधिक वाद निस्तारित

विशेष लोक अदालत में लघु आपराधिक वादों पर सुनवाई करते न्यायाधीश।
विशेष लोक अदालत में लघु आपराधिक वादों पर सुनवाई करते न्यायाधीश।

Young Writer, चंदौली। जनपद न्यायालय चंदौली मे लघु आपराधिक वादों से संबंधित विशेष लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जनपद न्यायाधीश चंदौली सुनील कुमार चतुर्थ की अध्यक्षता में किया गया। दीपक कुमार मिश्र मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा कुल 1168 लघु वादों का निस्तारण किया गया।
इस दौरान संदीप कुमार सिविल जज सीनियर डिवीजन द्वारा कुल 23 लघु वादों का निस्तारण किया गया। विकास वर्मा सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं एफटीसी) तथा नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत द्वारा कुल 51 लघु वादों का निस्तारण किया गया। इन्दुरानी न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा कुल 27 लघु वादों का निस्तारण किया गया। माधुरी यादव सिविल जज जूनियर डिवीजन एवं एफटीसी प्रथम द्वारा कुल 07 लघु वादों का निस्तारण किया गया। अम्रतांशु राज अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) चकिया द्वारा कुल 12 लघु वादों का निस्तारण किया गया। इस दरम्यान जनपद न्यायालयों द्वारा कुल 1288 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण किया गया।व हीं 18, 19 व 20 मई तक आयोजित विशेष लोक अदालत में कुल 2373 लघु वादों का निस्तारण किया गया। जिसमें ज्ञानप्रकाश शुक्ल, दीपक कुमार मिश्र, संदीप कुमार, विकास कुमार वर्मा, इन्दुरानी, माधुरी यादव नूतन, अम्रतांशु राज उपस्थित रहे। यह सूचना ज्ञानप्रकाश शुक्ल अपर जनपद न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली द्वारा दी गयी।

भाजपा ने नौ साल में अर्जित की अद्वितीय उपलब्धियांः मीना चौबे

भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

चंदौली जिला कार्यालय पर हुई भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक

Young Writer, चंदौली। भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक शनिवार को जिला कार्यालय पर हुई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी श्रीमती मीना चौबे शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सफलतम 9 वर्ष भाजपा पूर्ण कर रही है। पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार ने अद्वितीय उपलब्धियां हासिल की है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी कार्यक्रम को पूरे मनोयोग से पूरा करें। पहला कार्यक्रम जैसे लोकसभा स्तर पर जो जनसभा करना है उसमें अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। अगला कार्यक्रम प्रबुद्ध सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन, सोशल मीडिया, वालंटियर सम्मेलन, विकास तीर्थ का अवलोकन, वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक, मोर्चा सम्मेलन, लाभार्थी सम्मेलन आदि जितने भी कार्यक्रम है हर कार्यक्रम को समय पर पूरा करना है। जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर घर-घर संपर्क अभियान चलाना है जिसके लिए शक्ति केंद्र के अनुसार पार्टी के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को बूथों पर जाने की कार्ययोजना तैयार करनी है। बूथ के प्रत्येक घर घर तक जाना एवं बूथ समिति से लेकर वरिष्ठ कार्यकर्ता तक मिलकर जनसंपर्क करेंगे और उनको पार्टी के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से समझाने का भी कार्य करेंगे। कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, शमशेर सिंह, राणा प्रताप सिंह, सूर्यमणि तिवारी, काशीनाथ सिंह, उमाशंकर सिंह, सुजीत जायसवाल, हरबंस उपाध्याय जितेंद्र पांडेय, शिवराज सिंह, प्रमोद सिंह, अनिल तिवारी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में योजनाओं की दी जानकारी

नौगढ़ में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते डीएम।
नौगढ़ में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते डीएम।

चंदौली। नौगढ़ में शुक्रवार को खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में विकास खण्ड के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी द्वारा कृषि विभाग के कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। पीएम किसान सम्मान निधि के ग्राम पंचायत स्तरीय तिथिवार आयोजित होने वाले कैम्पों के बारे में किसानों से आग्रह किया गया कि वंचित किसान शिविरों में पहुंचकर अपने विवरणों को संशोधन करा लें तथा नये पंजीकरण भी करा लें।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत खरीफ 2022 में 310 कृषकों को 74 लाख क्षतिपूर्ति प्रदान की गयी तथा भौगोलिक एवं जलवायुनिक स्थिति को देखते हुए सभी लोगों को फसल बीमा कराने के लिये प्रेरित किया गया। विकास खण्ड के बीज भंडारों पर धान, ढैंचा के बीज, जिप्सम तथा कृषि रक्षा दवाएं उपलब्ध करा दी गयी है। जिला उद्यान अधिकारी तथा सहायक निबन्धक सहकारिता द्वारा भी अपनी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गयी। कृषकों की समस्याओं को मौके पर निस्तारित करने का प्रयास किया गया। अधिकतर समस्याएं सिंचाई एवं पीने की पानी रही। जिलाधिकारी द्वारा बताया कि हर घर नल योजना से साल भर में समस्त घरों को आच्छादित किया जायेगा।

दस्तक अभियान में चिन्हित हुए संचारी रोगों से ग्रसित 856 मरीज  

दस्तक अभियान के दौरान ग्रामीणों को जानकारी देते अधिकारी।
दस्तक अभियान के दौरान ग्रामीणों को जानकारी देते अधिकारी।

चंदौली। जिले में चले विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान में संचारी रोगों से ग्रसित 856 मरीज हुए चिह्नित हुए। दस्तक अभियान के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकताओं ने 304593 घरों पर दस्तक दी। अभियान की सफलता ने जिले को प्रदेश में पांचवा स्थान दिलाया है। इसके चलते जनपद के स्वास्थ्य महकमा खुशी की लहर है।
जिला मलेरिया अधिकारी पीके शुक्ला ने बताया कि जिले में एक अप्रैल से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया जो पूरे माह चला। अभियान के अन्तर्गत ही 17 अप्रैल से दस्तक अभियान शुरू हुआ जो 30 अप्रैल तक संचालित हुआ। अभियान के दौरान संचारी रोगों से ग्रसित मरीजों को चिह्नित कर उनका उपचार किया गया। बताया कि इस अभियान को प्रदेश में पाँचवां स्थान दिलाने में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व स्वास्थ्य विभाग की टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने घरों पर दस्तक देकर संचारी रोग से ग्रसित मरीजों को चिन्हित किया और उनकी जांच कराकर मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी। सहायक मलेरिया अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि 17 से 30 अप्रैल तक चले दस्तक अभियान में लोगों को स्वच्छता, सेनेटाइजेशन, पोषण युक्त भोजन, शुद्ध पेयजल आदि का महत्व बताया गया। जिले में 1887 आशा, 1823 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 304593 घरों में जाकर दस्तक दी। साथ ही कुल 776 मातृ बैठक की। क्लोरिनेशन डेमो 852, फीवर ट्रेकिंग 551 में एक भी मरीज पॉजिटिव नहीं पाये गए। जुकाम, खांसी के कुल 856 मरीज चिन्हित हुये, कोविड के 7 मरीज पाये गए, संभावित कुल 125 क्षय रोगी में 6 रोगी की पुष्टि हुई। शेष की बलगम की जांच की जा रही है। कुपोषित बच्चे 47 चिन्हित किए गए हैं। इसमें 17 बच्चे पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) भेजे गए। अभियान में संचारी रोग मच्छरों से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जो किसी न किसी रोग जनित वायरस से होता है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर घर में पोस्टर के जरिये जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि गर्मी में आंगन या घर के बाहर खुली जगहों में बैठते हैं। सभी अपने घरों के आसपास सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें, जलजमाव न होने दें, रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल आयल डालें कूलर का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें और बासी भोजन प्रयोग बिलकुल भी न करें।

जमीन नापी के लिए सहमत हुए दोनों पक्ष, शनिवार को होगी नापी

गोरारी गांव में ग्रामीणों से बातचीत करते मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल।
गोरारी गांव में ग्रामीणों से बातचीत करते मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल।

चंदौली। क्षेत्र के गोरारी गांव के विस्थापन प्रकरण में आंदोलन जारी है। रास्ता व पानी के निकासी की मांग को लेकर पीड़ित ग्रामीण लगातार बिछियां धरने स्थल पर भूख हड़ताल और आमरण अनशन पर बैठे हुए थे। पिछले 09 मई को धरना स्थल पर विधायक रमेश जायसवाल पहुंचे और आमरण अनशन पर बैठे गोरारी संघर्ष मोर्चा औऱ भारतीय किसान यूनियन टिकैत के मंडल प्रवक्ता मणि देव चतुर्वेदी से बातकर आमरण अनशन तुड़वाया और जिलाधिकारी से बात कर आश्वासन दिया कि चुनाव बाद समस्या का निवारण हो जाएगा।
इस आश्वासन के तहत शुक्रवार को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल व एसडीएम सदर की अगुवाई में तहसील प्राासन ने मौका मुआयना किया और कहा कि गोरारी गांव के लोगों की मांग जायज है। प्रभावित ग्रामीणों को आने जाने का मार्ग और पानी निकलने की व्यवस्था करना उनका दायित्व है। विधायक के निर्देश पर जमीन नापी की कार्यवाही एसडीएम की उपस्थिति में शुरू हुई। जो जमीन उक्त गली से लगी हुई है सबसे जमीन नापी की लिखित सहमति ली गयी। दोनों पक्ष जमीन नापी के लिए सहमत हो गए है। इस कार्यवाही की रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी गयी। जिलाधिकारी इस प्रकरण पर पूरी नजर रखे हुये है। एसडीएम सदर दिग्विजय प्रताप सिंह ने विधायक की उपस्थिति में कहा कि कल जमीन की नापी की जाएगी, जो जमीन ज्यादा निकलेगी वो गली और सार्वजनिक उपयोग के लिए इस्तेमाल होगी। दोनों पक्ष इस बात को लेकर पूर्णतः सहमत थे। अब प्रशासन इस समस्या के निदान के तह तक पहुंच चुका है। चौहान सेना के अध्यक्ष छांगुर चौहान ने कहा कि हम सभी को विधायक और प्रशासन पर पूरा भरोसा है। 4 महीने हो गए, गोरारी गांव के लोगों को न्याय मिलने में देरी हो रही है। गोरारी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष मणि देव चतुर्वेदी जो इस समय जिला हॉस्पिटल में 11 दिन से भर्ती है। कहा कि जब तक गोरारी गांव के 190 घरों के 1200 लोगों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ता रहूंगा। इस मौके पर पीड़ित विक्रमा चौहान, मुंशी चौहान, खिचडू चौहान, भाई लाल, लालता चौहान, लक्षिमन चौहान, कमलेश चौहान, सुशीला देवी, श्याम गुड़िया, कांति देवी, उमरावती देवी, शशिकांत, छविनाथ, धीरज चौहान आदि आदि मौजूद रहे। अभी भी धरने पर खिचडू चौहान, शामू चौहान, मीरा देवी धरना स्थल बिछियां में बैठी हुई है।

महिलाओं में नेतृत्व विकास की क्षमता को निखार रही ग्राम्या संस्था

लालतापुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल महिलाएं।
लालतापुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल महिलाएं।

चंदौली। ग्राम्या संस्था की ओर से एमएचएम परियोजना अंतर्गत लक्षित ग्राम पंचायतों से चिन्हित महिला लीडरों के नेतृत्व क्षमता विकास हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 18 एवं 19 मई को संस्था के परियोजना कार्यालय ग्राम-लालतापुर में किया गया। प्रशिक्षण में महिला लीडरों के नेतृत्व विकास एवं परियोजना अंतर्गत विषयगत मुद्दों पर समझ निर्माण हेतु प्रशिक्षक संदर्भित व्यक्ति द्वारा विभिन्न रोचक गतिविधियां संचालित की गयी।
सहभागितापूर्ण प्रशिक्षण के लिए सभी प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित हो, इसके लिए सभी से परस्पर संवाद, प्रश्नोत्तर, ग्रुप अभ्यास, प्रस्तुतिकरण, खेल-कूद, मुद्दा आधारित फिल्म प्रदर्शन इत्यादि तरीकों का प्रयोग किया गया। उक्त प्रशिक्षण में नौगढ़ एवं चकिया ब्लॉक के 20 ग्राम पंचायतों से चिन्हित महिला लीडरों की सहभागिता रही। प्रशिक्षण संचालन में क्ड। परियोजना स्टाफ के साथ ही साथ प्रशिक्षक संदर्भित व्यक्ति एवं ग्राम्या संस्थान से सुश्री बिन्दु सिंह, सुरेन्द्र, राम बिलास, त्रिभुवन की सहभागिता रही। संस्था के साथ जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सकुशल प्रशिक्षण संचालन के लिए भरपूर सहयोग किया। विदित हो कि ग्राम्या संस्थान द्वारा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से नौगढ़ एवं चकिया ब्लॉक में चिन्हित कुल 20 ग्राम पंचायतों में वंचित समुदायों की किशोरियों एवं महिलाओं के समूहों के साथ मिलकर डीएमए प्रोजेक्ट का परियोजना का संचालन किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य मुख्यतः जेंडर आधारित भेदभाव के प्रति समझ विकसित करना, महिला किशोरियों के होने वाली हिंसा में कमी लाना, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) को प्रोत्साहित करना तथा यौन प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार पर जागरुकता बढ़ाने के साथ ही इससे सम्बंधित स्वास्थ्य सेवाओं तक कार्य क्षेत्र के लक्षित समूहों की पहुंच सुनिश्चित करना है।

जैपुरिया स्कूल में आयोजित कैम्प में बच्चों ने सीखे कई हूनर

जैपुरिया स्कूली में आयोजित मस्ती की पाठशाला में आनंद लेते स्कूली बच्चे।
जैपुरिया स्कूली में आयोजित मस्ती की पाठशाला में आनंद लेते स्कूली बच्चे।


डीडीयू नगर। क्षेत्र के सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल कैंपस में ग्रीष्मकालीन शिविर के चौथे दिन बच्चों ने जमकर की मस्ती कर कई सारे हुनर सीखें। बच्चों के हृदय में उत्साह एवं उमंग दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा हैं। समर कैंप में आए जिज्ञासु बच्चों को देखकर ऐसा लगता है मानो वो सभी विधाओं में पारंगत होने की होड़ लगा रखे हैं।
नित्य की भांति बच्चों ने इष्ट स्तुति से दिन का शुभारंभ किया गया। एक्टिविटी ऑफ द डे के अंतर्गत संगीत शिक्षक प्रदीप श्रीवास्तव ने बच्चों को सप्त सुरों का प्रशिक्षण दिया। कहा कि संगीत ईश्वर तक पहुँचने का उत्तम मार्ग है। बच्चों ने  शिक्षक संग जमुना किनारे गीत के तरानों से मस्ती में झूमते हुए संपूर्ण सभागार को झंकृत कर दिया। इसी क्रम में योग विद्या का प्रशिक्षण दे रही रागिनी ने सभी को योगासन के लाभ बताया। कहा कि भाग दौड़ भरे जीवन में शरीर को स्वस्थ  रखने के लिए योगासनअति आवश्यक है। सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, नौकासन आदि अनेक आसनों का महत्व बताते हुए अभ्यास कराया गया। बच्चों को तकनीकी विज्ञान में प्रवीण करने हेतु हमारे समर कैम्प में कंप्यूटर एनीमेशन एंड ग्राफिक्स के साथ ही साथ गेम कोडिंग का भी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा हैं। इसी तकनीकी के प्रयोग से आज विभिन्न प्रकार के वीडियो गेम का निर्माण किया जा रहा हैं। विद्यालय बच्चों को भविष्य में उचित कार्य-क्षेत्र के चुनाव के लिए भी विकल्प दे रहा है। कैलीग्राफी विद् पेंटिंग का हुनर सिखाया गया। पर्सनालिटी डेवलपमेंट एक अन्य ऐसी विधा है जिसे प्रत्येक बच्चा सीखने को उत्सुक है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक समाज में सभी बच्चे चाहते है कि उनका आत्मविश्वास, व्यक्तित्व कुछ ऐसा हो कि वो जहाँ भी जाए। अपनी सकारात्मक छवि लोगों के ह्रदय पर छोड़ दें। चेयरमैन दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, निदेशक श्यामसुंदर बजाज उपस्थिति रही।

अंजनी सिंह का आरोपः गुलामी के दौर से गुजर रहा देश का सरकारी तंत्र

अंजनी सिंह।
अंजनी सिंह।

नोटबंदी को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर हुए अंजनी सिंह

Young Writer, धानापुर। जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने दो हजार के नोट को चलन से बाहर किए जाने पर भाजपा सरकार पर हमलावर रहे। कहा कि पुरानी सभी सरकारों को बदनाम करने के लिए बनाई गई नीतियों एवं आनन-फानन व सत्ता के अहंकार में लिए गए ग़लत फैसले लेने को ज़िम्मेदार बताया। कहा कि देश में पूरा का पूरा सरकारी तंत्र गुलामी काल के दौर गुजर रहा है।
एक बड़ा शिक्षित समूह जो हर विभागों में बड़े से बड़े पदों पर आसीन है उसके पास सोच समझ कर कोई फैसला लेने का हिम्मत व अधिकार ही नहीं है जिसे भाजपा सरकार में समाप्त कर दिया गया है। उच्च पदों पर आसीन अधिकारी वर्गों के पास अपने कर्तव्य के प्रति न्याय करने की इच्छा शक्ती को भाजपा ने तोड़ कर रख दिया है उसी का नतीजा है कि उच्च पदस्थ अधिकारी बस सरकार के हर गलत सही फैसले को मुहर लगाने का काम कर रहे हैं। आरबीआई भी उसी गुलामी दौर से गुजर रही है। बीते वर्ष जब नोटबन्दी की गई थी तो देश की जनता को भाजपा ने विश्वाश दिलाया था कि नोटबन्दी से आतंकियों की कमर टूट जाएगी। ब्लैकमनी पर शिकंजा कसा जाएगा रोक लगेगी, तब देश की जनता ने भाजपा की बातों को दिल से लिया था। भाजपा की गलत एवं घमंडी नीतियों से देश को बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है भाजपा ने देश को आर्थिक सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाया है।

सेंट्रल पब्लिक स्कूल उतरौत में लगा रोलर स्केटिंग कैंप

सेंट्रल पब्लिक स्कूल उतरौत में रोलर स्केटिंग सिखती छात्राएं।
सेंट्रल पब्लिक स्कूल उतरौत में रोलर स्केटिंग सिखती छात्राएं।

चकियां। सेंट्रल पब्लिक स्कूल उतरौत ब्रांच में शुक्रवार को ’रोलर स्केटिंग कैंप’ का आयोजन किया गया। चंदौली जिला रोलर स्केटिंग खेल फाउंडेशन के द्वारा आयोजित कैंप का उद्घाटन समाजसेवी व प्रयोगधर्मी किसान राजवंश पाठक व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ शिक्षक व विद्यालय परिवार के सदस्य आदरणीय एलके पाठक साथ ही अध्यक्षता कर रहे हैं सेवानिवृत्त शिक्षक विजय बहादुर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि इस विद्यालय के माध्यम से इस क्षेत्र के बच्चे तरह-तरह के खेलों व एक्टिविटी से जुड़ रहें है। विशिष्ट अतिथि ने कहा कि इस क्षेत्र के बच्चे इस तरह के खेल से बहुत अधिक परिचित नही थे। यह सौभाग्य की बात है कि इस विद्यालय द्वारा इस तरह के आयोजन किया जा रहा है। अध्यक्षता कर रहे विजय बहादुर सिंह ने कहा कि अब लगने लगा है कि इस क्षेत्र के बच्चों का हर तरह से विकास होगा। रोलर स्केटिंग के राष्ट्रीय कोच आदरणीय विपिन अग्रहरि जी ने कहा कि यह बहुत ही संतुलन वाला गेम है। केवल अभ्यास के बाद ही कोई इसमें सफल होता है। अतिथियों का स्वागत करते हुए सीपीएस ग्रुप के सीएमडी डा.विनय कुमार वर्मा ने कहा कि इस कैंप का उद्देश्य बच्चों को रोलर स्केटिंग गेम से परिचित कराना है। भविष्य में इस तरह के खेलों की विद्यालय में नियमित कक्षाएं चलाई जाएंगी। इस मौके पर सहायक कोच सर्वश्री विवेक सिंह चौहान, संजीवन यादव, अनूप यादव ने बच्चों से स्केटिंग करवाया। इस दौरान बेबी सिंह, संध्या मौर्य, पूनम पांडेय, अशोक शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, कविता सिन्हा, सुधा अविनाश, ज्वाला तिवारी, आरती देवी, श्वेता द्विवेदी सहित उपस्थित थे। संचालन ऋषिकेश चतुर्वेदी व धन्यवाद ज्ञापन सत्यम वर्मा ने किया।

Chandauli
scattered clouds
29.9 ° C
29.9 °
29.9 °
69 %
3kmh
46 %
Tue
30 °
Wed
35 °
Thu
35 °
Fri
35 °
Sat
33 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights