Young Writer-सैयदराजा। थाना क्षेत्र के भतीजा मोड़ नहर के दक्षिण पटरी पर जली हुई गुमटी में संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पुलिस विभाग को हुई तो पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
बताते हैं कि सैयदराजा थाना से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर भतीजा मोड़ नेशनल हाइवे-2 के नहर के पास दो गुमटी में आग से जल गई, जिसमें एक गुमटी में संदिग्ध अवस्था में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। इसकी जानकारी आसपास के लोगो जैसे ही सुबह हुई तो लोगों ने मामले को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं आगे की कार्यवाही में जुट गई। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार गहनता से जांच में जुट गए। वहीं इस संबंध में सदर क्षेत्राधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों तथा किस व्यक्ति का शव है। इसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। मौके पर गुमटी मालिक के आने का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही मामले की जानकारी होती है तो आगे की कार्यवाही की जाएगी।
भतीजा में जली गुमटी में मिला अज्ञात शव, सनसनी
डिजिटल प्लेटफार्म पर शिक्षा अर्जित करेंगे बबुरी के बच्चे
Young Writer– बबुरी। कस्बे के कम्पोजिट स्कूल बबुरी में गुरुवार को कनवेजीनियस नीति आयोग द्वारा आच्छादित टैब लैब का कस्बे के दो समाजसेवियों ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसकी शुरुआत कस्बे के समाजसेवी तथा उद्यमी गौरव मौर्य तथा वीरेंद्र गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर दोनों अतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात विद्यालय के अध्यापकों ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस मौके पर समाजसेवी व उद्यमी गौरव मौर्य तथा वीरेंद्र गुप्ता ने टैब लैब के समुचित विद्युत संचालन के लिए इनवर्टर तथा बैटरी देकर सहयोग किया। कार्यक्रम में समाजसेवी गौरव मौर्य ने कहा कि कनवेजीनियस ग्रुप द्वारा बच्चों के हित में चलाए जा रहे इस अभियान से जुड़कर वंचित तबके से आने वाले बच्चों को आधुनिक इंटरनेट उपकरणों से सीखने का मौका मिलेगा जिससे उन्हें शिक्षा में कुछ नया सीखने का अच्छा अवसर उपलब्ध होगा । इस मौके पर विशिष्ट अतिथि गणेश जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक इरम गुल, शिक्षक संकुल प्रभारी हरिचरण राम, फील्ड मैनेजमेंट स्टाफ राजीव कुमार त्रिपाठी, नव मालिका वैद्य, शशिबाला, कुसुमलता मौर्य संगीता सिंह ऋतु सिंह अरविंद सिंह सत्यप्रकाश निधि वर्मा रेनू वर्मा हाजरा खातून, पूनम केसरी आदि मौजूद रहे ।
चंदौली-घर मे घुस कर युवक ने जबरजस्ती दस वर्षीय बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, 22 साल की कठोर कारावास
चंदौली। विशेष न्यायाधीश पाक्सो अधिनियम राजेंद्र प्रसाद की कोर्ट में गुरुवार को बलात्कार के मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान साक्ष्य के आधार पर दोष सिद्ध होने पर आरोपी इरफान उर्फ जुगनू को 22 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 10 हजार रुपया जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा न करने पर एक साल की अतिरिक्त सजा भुगने का फैसला सुनाया।
अभियोजन की ओर से विशेष अधिवक्ता पाक्सो शमशेर बहादुर सिंह, अवधेश नारायण सिंह और रमाकांत उपाध्याय ने तर्क प्रस्तुत कर मुकदमें की पैरवी की। उन्होंने बताया कि बबुरी थाना क्षेत्र के एक गांव की 10 वर्षीय पीड़िता की मां ने 9 मई 2018 को इस आशय की रिपोर्ट थाने में दर्ज करायी। आरोप लगाया कि आठ मई 2018 को उसकी पीड़िता बेटी के साथ पांच वर्षीय छोटी पुत्री घर में एक ही चारपाई पर सोयी थी। घर के बाहर दुकान में खुद सोने चली गई थी। इसका फायदा उठाकर पड़ोस का इरफान उर्फ जुगनू रात करीब साढ़े 10 बजे घर में घुस गया और पीड़िता बेटी को उठाकर दूसरे चारपाई पर ले जाकर जबरन बलात्कार किया। चिल्लाने पर उसका मुंह दबा दिया। साथ ही धमकी दिया कि यह बात किसी को बतायी तो जान से मार देंगे। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसकी सुनवाई स्पेशल जज पाक्सो राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस दौरान दो सिद्ध होने पर आरोपी इरफान को धारा 5 (एम)/6 पाक्सो एक्ट में 22 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई। वहीं 10 हजार रुपया अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा न करने पर एक साल की अतिरिक्त सजा का फैसला सुनाया। इसके अलावा धारा 452 आईपीसी में चार वर्ष व पांच हजार रुपया जुर्माना, धारा 506 आईपीसी में एक साल की कठोर कारावास की सजा और एक हजार रुपया जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा न करने पर अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
स्काउट-गाइड चंदौली के अध्यक्ष बने जिलाधिकारी
Young Writer, चंदौली। भारत स्काउट और गाइड उत्तर का प्रतिनिधि मण्डल गुरुवार को जिला मुख्य आयुक््त डा. एसके लाल के नेतृत्व मे जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूंडे से मिला। इस दौरान जिलाधिकारी को अध्यक्ष पद का नियुक्ति पत्र सौपा गया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त वाराणसी मंडल वाराणसी ने जिलाधिकारी से जनपद मे स्काउट गाइड आंदोलन को बढ़ाया जाने को लेकर चर्चा की। इसके अलावा जनपदीय कार्यकारिणी व परिषद के गठन पर भी चर्चा की। जिसे जिलाधिकारी ने स्वीकार करते हुए जनपद में कार्यक्रम को पूर्ण सहयोग देने हेतु आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला कमिश्नर स्काउट डा.रामचंद्र शुक्ल, सत्यमूर्ति ओझा, जिला संगठन आयुक़्त गाइड अंजू कुमारी, जिला संगठन आयुक्त स्काउट सैय्यद अली अंसारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट रजनीश, जिला स्काउट मास्टर जय प्रकाश रावत, डा.भानु प्रताप सिंह, अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे। नेतृत्व डा. एसके लाल ने किया।
बारात से वापस लौट रही बोलेरो पलटी, ड्राइवर घायल
Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ गांव स्थित लच्छूब्रम्ह बाबा मंदिर के पास बुधवार की देर रात को सवारियों से भरी बोलेरो पलट गयी। जिसमें ड्राइवर 32 वर्षीय सोनू मिश्रा को चोट लग गयी। बाकी सवारियों को हल्की फुल्की चोटे लगी है। सुबह ग्रामीणों को मदद से बोलेरो को सीधा किया गया।
चंदौली से मारूफपुर तीरगांवा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क के दोनो तरफ गढ्ढे में मिट्टी भरने का कार्य चल रहा है। बुधवार की देर रात को चन्दौली से बारात वापस सैदपुर के लिए लौट रही थी। लक्ष्मणगढ़ स्थित लक्षुब्रम्ह बाबा मंदिर के पास गाड़ी बैक करने में गड्ढे में पलट गयी। बोलेरो में चीख पुकार सुनकर ग्रामीण बारातियों को बाहर निकाले। जिसमें ड्राइवर सोनू मिश्रा घायल हो गया था। घटना के बाद उसे एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शेष बारातियों को हल्की फुल्की चोट आई है। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने बोलेरो को सीधा किया।
शहादत को सम्मानः मणिपुर में शहीद हुए आलोक के परिजनों को 50 लाख की मदद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परिवार के एक सदस्य को देंगे नौकरी
Young Writer, चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मणिपुर में हुए मुठभेड़ में शहीद हुए जनपद चन्दौली निवासी असम राइफल्स के जवान आलोक राव को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। सरकार द्वारा शहीद के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा सरकार की ओर से शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। साथ ही साथ आलोक राव द्वारा देश को दिए गए अपने सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में जनपद की एक सड़क का नामकरण शहीद आलोक राव के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद के परिजनों को दुख की इस घड़ी में ढांढस बंधाया। साथ ही कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार शहीद जवान के परिजनों के साथ खड़ी है। विदित हो कि गत दिनों मणिपुर में तैनात जनपद चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र के रसिया गांव निवासी आलोव राव के शहीद होने की सूचना बुधवार को पहुंची। इस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं पूरे गांव में मातम छा गया। गांव के लोग शहीद जवान के घर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के साथ ही दुख की इस घड़ी में संभालते हुए नजर आए।
चंदौली जनपद न्यायालय निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं ने की मंत्रणा‚ डीएम से भी मिले
डीएम से मुलाकात कर न्यायालय निर्माण को गति देने की मांग
Young Writer, चंदौली। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन की बैठक गुरुवार को बार सभागार में अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान जनपद न्यायालय भवन निर्माण में शासन-प्रशासन द्वारा की जा रही हीलाहवाली पर विस्तृत चर्चा की गयी। साथ ही जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष ने कहा कि जनपद का सृजन वर्ष 1997 से हुआ हैं तथा सेशन खण्ड की स्थापना वर्ष 1998-99 से की गयी है जिसके 25 वर्ष बाद भी आज तक दीवानी न्यायालय भवन का निर्माण नहीं हो सका है जिसकी वजह से वादकारियों, अधिवक्ताओं व न्यायिक अधिकारीगण को कठिन समस्याओं से जूझना पड़ रहा है तथा त्वरित न्याय प्रदान करने में कही न कही से कठिनाई आ रही है।
न्यायिक अधिकारीगण का आवास भी जनपद मुख्यालय पर आज तक नहीं बन सका है और मजबूरन अधिकारीगण कस्बा मुगलसराय में प्राइवेट कमरों में किराए पर रहते हैं तथा उन्हें आने जाने में भी काफी कठिनाई होती ही। बार एसोसिएशन कचहरी निर्माण की आवाज विभिन्न माध्यमों से शासन-प्रशासन व उच्च न्यायालय से पहुंचाने का काम करते हैं। पूर्व अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि चंदौली में मोटर साइकिल पार्किंग न होने की वजह से कई अधिवक्ताओं व वादकारियं की गाडियां चोरी हो रही है। कचहरी के सामने सड़क पर गाड़ी खड़ा करने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। धरना-प्रदर्शन आन्दोलन के बाद न्यायालय भवन हेतु चिन्हित जमीन का अधिग्रहण हो चुका है तथा खतौनी भी जिला जज का नाम चढ़ चुका है। महामंत्री राजबहादुर सिंह ने कहा कि माडल कोर्ट भवन बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की जा चुकी है, किन्तु शासन द्वारा नक्शा पास करने में विलम्ब किया जा रहा है। अनिल कुमार सिंह ने मांग किया कि अविलम्ब एक सप्ताह के भीतर शासन-प्रशासन अपने स्तर से पहल करके दीवानी न्यायालय भवन हेतु लंबित नक्शा पास कराए, ताकि न्यायालय भवन का निर्माण त्वरित गति से शुरू किया जा सके। अविलम्ब अधिवक्तागण व वादकारीगण की मोटर साइकिल खड़ा करने के लिए पार्किंग बनवाया जाय। कचहरी परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। न्यायिक अधिकारीगण का आवास मुख्यालय पर अविलम्ब बनवाया जाय। नगर पंचायत चन्दौली को नगर पालिका घोषित करवाया जाय। जनपद मुख्यालय पर जिला स्तरीय कार्यालय व रोडवेज डेपो व स्टैंड का अविलम्ब निर्माण कराया जाय। इस मौके राजेश मिश्रा, सुल्तान अहमद, राकेश रत्न तिवारी, अमरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
मदरसा बोर्डः पहले दिन गैरहाजिर रहे 386 परीक्षार्थी
चंदौली। जनपद में मदरसा बोर्ड की परीक्षा बुधवार को जनपद के 4 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इस दौरान दोनों पालियों में 1118 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन इसमें 386 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। साथ ही परीक्षा में शुचिता को बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों के साथ-साथ कंट्रोल रूम से निगरानी की गई। वहीं कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे व वाइस रिकार्डर का भी बंदोबस्त किया गया था।
जनपद में मदरसा बोर्ड की परीक्षा बुधवार को शुरू हो गई। इसके लिए कुल 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली, अमरबीर इंटर कॉलेज धानापुर, नगर पालिका इंटर कॉलेज मुगलसराय, किसान इंटर कॉलेज चकिया शामिल है। पहले दिन मदरसा बोर्ड की परीक्षा सुबह की पाली में 8 से 11 बजे तक हुई। सुबह पहली पाली में मुंशी मौलवी विषय की परीक्षा हुई जिसमें 743 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 427 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिए, वही 316 अनुपस्थित पाए गए। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा आलिम में 375 परीक्षार्थियों को शामिल होना था इसमें 305 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 70 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाए रखा। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि दोनों पारियों परीक्षा सकुशल संपन्न हो गए कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। शुचिता बनाए जाने बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही थी।
वाहन चलाते समय प्रयोग करें हेलमेट व सीटबेल्टः यातायात प्रभारी
चंदौली। यातायात निदेशक के निर्देश पर बुधवार को एएसपी सुखराम भारती और क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के निर्देशन में देलही पब्लिक शिक्षण संस्थान चंदौली में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 85 विद्यार्थी और स्कूल स्टाफ को यातायात जागरूकता के अंतर्गत निदेशालय द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 18001801490 व 7839854683 के साथ साथ जनपदीय हेल्पलाइन नंबर 9219919696 पर सुझाव व शिकायत हेतु जानकारी देकर जागरूक किया।
इसके साथ डीजी लाकर ऐप का प्रयोग व वाहन चलाते समय हेलमेट व सीटबेल्ट के प्रयोग न करने पर होने वाले जानमाल व आर्थिक नुकसान के बारे में बताया गया। इस जागरूकता अभियान में विद्यालय के प्रबंधक दिनेश तिवारी और प्रधानाचार्य राज तिवारी का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। इस अवसर पर राजेश सिंह, मिथिलेश तिवारी, लोकेश तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी, मराछू राम और राजीव यादव के साथ साथ यातायात पुलिस से लाल बहादुर पांडेय, संजय उपाध्याय और पीआरडी हीरामन उपस्थित रहे।
आठ लाख के गहने को जीआरपी व सीआईबी ने दबोचा
डीडीयू स्टेशन से सोने के 59 लाकेट के साथ एक गिरफ्तार
डीडीयू नगर। डीडीयू स्टेशन पर मंगलवार की देर शाम जीआरपी व सीआईबी टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान एक व्यक्ति को आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों के साथ गिरफ्तार किया। व्यक्ति के पास से सोने के 59 लॉकेट बरामद हुए हैं। आरोपी बिना कागजात के सोने के लाकेट लेकर वाराणसी से बिहार जा रहा था। जीआरपी ने लिखा पढ़ी के बाद सोने के लॉकेट और आरोपी को आयकर विभाग की टीम के हवाले कर दिया। आगे की कार्रवाई वाराणसी की आयकर विभाग करेगी।
इस बाबत जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ और जीआरपी स्टेशन पर अपराधियों की धड़ पकड़ के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार की देर शाम जीआरपी और आरपीएफ सीआईबी पंकज स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक और दो के कैंटिन के पास एक युवक को संदिग्ध हाल में देखा। पुलिस को सामने आता देखकर इधर उधर भागने लगा। उसे भागता देख कर पुलिस ने दौड़कर पकड़ लिया।उसके बैग की तलाशी लेने पर उसके पास से सोने के 59 लेडिज लॉकेट मिले। इस संबंध में वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक कुमार निवासी वार्ड नंबर 23 मदार दरवाजा थाना नगर जिला रोहतास बिहार बताया। बरामद हुए आभूषण के बारे में पूछा गया तो उसने बताया की वह आभूषण वाराणसी से लेकर बिहार जा रहा था। बरामद सोने के आभूषण की कीमत आठ लाख रुपये है। बताया कि बरामद आभूषण और आरोपी को वाराणसी से आए आयकर विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग करेगी।











