चंदौली में आइसोलेशन वार्ड के रूप में किया जा रहा है इसका प्रयोग
Young Writer, चंदौली। मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए आईसीयू की स्थापना की गई। लेकिन भवन बनकर तैयार होने के बाद भी मानव संसाधन के अभाव में आज तक इसका संचालन नहीं हो पाया। आईसीयू का संचालन नहीं होने से दुर्घटना में गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल की ओर से वाराणसी रेफर कर दिया जाता है, जिससे कई मरीजों की रास्ते में मौत हो जाती है, वहीं अधिकांश को तमाम तरह की दुश्वारियों का दंश झेलना पड़ता है। साथ ही उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति भी होती है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन, जिले के जनप्रतिनिधि व सरकार को जनता जिम्मेदार मान रही है।
विदित हो कि मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन 20 से 25 की संख्या में मरीज प्रतिदिन विभिन्न रोगों से ग्रसित भर्ती भी होते हैं। यहां चिकित्सकों के साथ-साथ कर्मचारियों की व्यवस्था है, लेकिन अभी भी आईसीयू भवन का संचालन मानव संसाधन के अभाव में एक दशक से अधिक समय से लटका पड़ा हुआ। फिलहाल इस भवन को कोरोना काल से आइसोलेशन वार्ड के रूप प्रयोग किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि जल्द ही आईसीयू का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। आईसीयू भवन के अभाव में खासकर गंभीर रूप मरीजों को अस्पताल में उपचार नहीं मिल पाता और उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया जाता है। कई बार तो ऐसा भी देखा गया है कि मरीज वाराणसी पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। विभाग की इस लापरवाही को लेकर जनता में जबदरस्त आक्रोश व्याप्त है। इस बाबत सीएमएस डा. उर्मिला सिंह ने कहा कि आईसीयू के संचालन के लिए जो कमियां है उसे दूर करने के लिए शासन को अवगत कराया गया, ताकि जल्दी से इस समस्या को दूर कर लिया जाए।
समय सारणी में बदलाव को लेकर शहाबगंज में बैठक करते सफाई कर्मी।
एडीओ पंचायत ने पुराने आदेश को बहाल करने का दिया आश्वासन
Young Writer, शहाबगंज। विकास खण्ड क्षेत्र में नियुक्त सफाई कर्मियों ने सोमवार को एडीओ पंचायत द्वारा सफाई कार्य को करने के लिए नया आदेश जारी कर दिया। जिससे नाराज होकर दर्जनों की संख्या में सफाई कर्मियों ने बैठक कर एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा और पुराने ही आदेश को लागू करने की बात कही। जिस पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने आश्वासन देते हुए पुराने ही आदेश को पुनः जारी करने का भरोसा दिया।
शासन के निर्देश पर सफाई कर्मियों के लिए गर्मी के दिनों में सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक और ठंड के दिनों में सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक समय सारणी निर्धारित था। लेकिन एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने सफाई कर्मियों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक समय सारणी जारी कर दिया। नया आदेश मिलते ही सफाई कर्मियों हड़कंप मच गया। सोमवार को सफाई कर्मियों ने पशु चिकित्सालय परिसर में बैठक कर नाराजगी व्यक्त करते हुए। कहा कि एडीओ पंचायत द्वारा मनमाने ढंग से नियम बनाकर परेशान किया जा रहा है।जिसको सफाई कर्मी कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे। सफाई कर्मियों ने एडीओ पंचायत से समय बदलने को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नुरुल होदा, बाबूलाल भास्कर, रियाज अहमद सहित आदि सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
रिठिया में नहीं बना मिड-डे-मील तो भैसोड़ा में मीनू की अनदेखी
Young Writer, नौगढ़। पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में शनिवार व सोमवार को मिड डे मील के तहत भोजन नहीं बनने व प्राथमिक विद्यालय भैसौड़ा मे मीनू के अनुपालन को धता बतलाने के साथ ही सोमवार को फल व बुधवार के दिन दूध का वितरण कभी नहीं किया जाता। जिसकी जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरी ने उच्चाधिकारियों को देकर के बताया है कि यही हाल अनेकों परिषदीय विद्यालयों का है। जहां पर शिक्षकों की मनमानी व लेटलतीफी कायम है।
जिससे बच्चों को समुचित शिक्षा नहीं मिल पा रही है। साथ ही सरकार द्वारा संचालित सुविधाओं का यथोचित लाभ बच्चे नहीं पा रहे हैं। लॉकडाउन की अवधि में मिड डे मील के तहत बच्चों को मुहैया कराने के लिए आहारित खाद्यान्न का वितरण भी नाकाफी हुआ है। जिसका प्राधिकार पत्र भरवाने मे भी अनियमितता बरती गई है। उपजिलाधिकारी डा.अतूल गुप्ता ने कहा कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में शनिवार व सोमवार को मिड डे मील के तहत भोजन नहीं बनने की मिली शिकायत पर जांच करके दो दिनों में रिपोर्ट प्रेषित करने का निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज को दिया गया है। वहीं प्राथमिक विद्यालय भैसौड़ा मे सोमवार को फल व बुधवार को दूध बच्चों को नहीं दिए जाने के मामले में औचक निरीक्षण करके पुष्टि की जाएगी।
डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ व जीआरपी से शिकायत करती पीड़ित महिला।
Young Writer, डीडीयू नगर। सियालदह से नई दिल्ली जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में महिला यात्रियों के साथ हुई छेड़खानी मामले में डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी ने कार्यवाही की। पुलिस द्वारा छेड़खानी करने वाल युवक को उतारकर उसके खिलाफ मुकदमा कायम किया गया।
बताते हैं कि 12259 अप सियालदह बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस बी3 कोच के बर्थ संख्या 49 व 52 पर 2 महिला यात्री यात्रा कर रही थी उसी ट्रेन के कोच संख्या बी2 के बर्थ नंबर 34 पर एक यात्री सियालदह से नई दिल्ली तक की यात्रा कर रहा था दोनों महिला यात्रियों ने आरोप लगाया कि वर्धमान से ट्रेन खुलते ही यात्री महिलाओं के साथ छेड़खानी करना शुरू कर दिया जिसकी शिकायत उन्होंने टीटी से की। टीटी ने इसकी शिकायत डीडीयू कंट्रोल रूम को की कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी के जवान ट्रेन पर पहुंचे यात्री को उतारकर थाने लाया गया यात्री नशे की हालत में था जिसे महिला यात्रियों की तहरीर पर मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया गया। इस संबंध में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि दुरंतो एक्सप्रेस में महिला यात्रियों के साथ छेड़खानी करने की सूचना मिली थी एक यात्री को उतारा गया था वर्तमान में छेड़खानी हुई थी जिसे वर्तमान जीआरपी को सुपुर्द कर दिया गया।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर नौगढ़ सीएससी पर बहिष्कार व नारेबाजी करते स्वास्थ्य कर्मी।
Young Writer, नौगढ़। अपंजीकृत अस्पताल का जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय टीम के साथ अभद्रता करके रिवाल्वर दिखाकर धमकाने का प्रयास करने के आरोपियों की गिरफ्तारी 4 दिनों बाद भी नहीं होने से काफी क्षुब्ध होकर आक्रोशित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के स्वास्थ्य कर्मियों ने सोमवार को कार्य का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया।
बीपीएम अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सकों फार्मासिस्ट वार्ड ब्वाय स्टाफ नर्स एनम ईत्यादि स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर घंटों बैठकर आक्रोश का इजहार किया। कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होने पर ही स्वास्थ्य सेवा जारी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम मे शामिल डा.सी पी.सिंह उप मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में डा.विजय प्रकाश अपर मुख्य चिकित्साधिकारी शरद मिश्रा व चिकित्सा अधीक्षक डा.अवधेश सिंह ने शुक्रवार को सायंकाल औचक निरीक्षण कर के विभिन्न बीमारियों से ग्रसित पांच मरीजों का आपरेशन करके बेड पर लेटाया गया हुआ पाया था।
अस्पताल संचालक सुजीत कुमार से संचालन संबंधी कागजातों की मांग किए जाने पर वह गुस्से में होकर के अपशब्दों की बौछार करने लगा। तभी उसका साथी सत्यनारायण सिंह भी मौके पर आ गया। दोनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा.अवधेश सिंह का कालर पकड़ कर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ काफी हाथापाई करते हुए रिवाल्वर दिखला कर जान से मारने की धमकी दिया था। मौके पर जूटी काफी भीड़ के बीच बचाव करने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर से भागकर जाना बचाना पड़ा। घटना की लिखित तहरीर नौगढ थाने पर देकर के जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक मुख्य चिकित्सा अधिकारी व उपजिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किए जाने के बाद अस्पताल संचालक सुजीत कुमार व सत्यनारायण सिंह के विरुद्ध नौगढ थाने में मुकदमा दर्ज होने के 4 दिन बाद भी अभी तक पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं किया।
चंदौली कलेक्ट्रेट में अफसरों संग बैठक करते प्रमुख सचिव समाज कल्याण।
प्रमुख सचित समाज कल्याण ने कलेक्ट्रेट में की समीक्षा बैठक
Young Writer, चंदौली। प्रमुख सचिव, समाज कल्याण विभाग एवं निदेशक जनजाति विकास, आईएएस डा.हरिओम की अध्यक्षता में विकास कार्य, कानून व्यवस्था एवं मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई मंडलीय समीक्षा एवं प्रभारी मंत्रियों द्वारा जनपद भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। इस दौरान प्रमुख सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं मंत्रीगणों द्वारा जनपद से संबंधित पूर्व में जो भी निर्देश दिए गए थे उनका प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित हो। विभिन्न विकासपरक एवं लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित हो। नौबतपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पेयजल योजनाओं को पूरी क्षमता के साथ संचालित कराए जाने के निर्देश जल निगम के अधिशासी अभियंता को दिए। समीक्षा बैठक के दौरान महामाया पॉलिटेक्निक धानापुर में कतिपय निर्माण कार्य काफी समय से लंबित पाए जाने पर असंतोष जताते हुए संबंधित विभागाध्यक्ष को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्राचार करने के निर्देश सीएनडीएस के अभियंता को दिए। उन्होंने कोविड के बूस्टर डोज को अभियान चलाकर शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार मंदिरों ,मस्जिदों आदि धर्म स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने एवं निर्धारित सीमा में ध्वनि रखे जाने का अनुपालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जीएसटी विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर वेतन रोके जाने के निर्देश दिया। कहा कि जनसमस्याओं को पूरी गंभीरता से सुने व उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने चंदौली ब्लैक राइस के मार्केटिंग का अच्छा प्रबंध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था के मद्देनजर अपराधियों के प्रति निरोधात्मक कार्यवाहिया कड़ाई से कराने के निर्देश के साथ ही महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, गैंगस्टर एक्ट में नियमानुसार कार्यवाही कराए जाने के निर्देश दिए। अनुसूचित जाति एव जनजाति योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को अनुदान सहित अन्य समस्त अनुमन्य लाभ दिलाए जाने हेतु जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण अपने फील्ड भ्रमण के दौरान सरकारी भवनों व विद्यालयों में बने स्वच्छ शौचालय की स्थिति, साफ सफाई एवं उनके उपयोग किये जाने की स्थिति को भी अवश्य देखें।
अस्पतालों में मरीजों का समुचित इलाज के साथ ही बाहर की दवाइयां व जांच कत्तई न लिखी जाय यह सुनिश्चित किए जाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए। उन्होंने वृद्धा, निराश्रित महिला आदि सामाजिक पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का शत प्रतिशत आधार सीडिंग का कार्य चालू माह के अंत तक प्रत्येक दशा में कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए। उन्होंने आश्रम पद्धति विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने ,वहां के छात्रों से संवाद करने एवं आवश्यक प्रबंध, पढ़ाई लिखाई की गुणवत्ता एवं बच्चों को विभिन्न एक्टिविटीज कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी संजीव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अजीतेंद्र नारायण, अपर पुलिस अधीक्षक सुखराम भारती उपस्थित रहे।
चंदौली मेंअभ्युदय क्लास का लिया जायजा चंदौली। प्रमुख सचिव समाज कल्याण, डा.हरिओम द्वारा महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु संचालित कक्षाओं का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। प्रमुख सचिव ने वहां उपस्थित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद कर पढ़ाई की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली एवं उन्हें उत्साहित किया।
Young Writer, चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित यूनियन बैंक की मुख्य शाखा में सोमवार की दोपहर पैसा निकालने आए युवक को चकमा देकर उचक्कों ने 40 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। मामला सोमवार की दोपहर का है, जो मुख्य यूबीआई शाखा परिसर में घटित हुआ। भुक्तभोगी युवक ने मामले को सदर कोतवाली पुलिस से अवगत कराते हुए तहरीर दी है। बताते हैं कि सदर कोतवाली के प्रतापपुर (भदलपुरा) गांव निवासी चंदन यादव को उसके दादा ने 50 हजार रुपये का चेक देकर बैंक पैसा निकालने के लिए भेजा था। युवक काउंटर से पैसा लेने के बाद जब मिलान करने लगा तो बैंक में मौजूद दो अज्ञात लोग उसके पास आए और उससे फुटकर की मांग की। बदमाशों ने फुटकर के नाम पर युवक के हाथ से पैसा ले लिया और उसे दस हजार रुपये देकर शेष पैसा लेकर फरार हो गए। जब तक युवक कुछ समझ पाता युवक बैंक शाखा से जा चुके थे। सूचना के बाद पुलिस बैंक पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गयी।
चंदौली कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते किसान।
चंदौली कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी से मिला भाकियू का दल
Young Writer, चंदौली। भाकपा माले का पांच सदस्य प्रतिनिधिमंडल भारतीय किसान यूनियन टिकैट गुट के मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी की गिरफ्तारी के खिलाफ जिलाधिकारी के नाम मांग पत्र लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस दौरान कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा और बिना शर्त रिहाई की मांग की गई। भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य शशिकांत सिंह ने कहा कि एक बार फिर भाजपा की योगी सरकार का किसान विरोधी चेहरा चंदौली में देखने को मिला भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता मंडिदेव चतुर्वेदी की गिरफ्तारी कर भाजपा के राज्य गृह मंत्री अजय मिश्रा टेनी द्वारा की गई किसान हत्या की मानसिकता को बढ़ावा देना है मणि देव चतुर्वेदी तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में सक्रिय रहे चंदौली में किसान आंदोलन को तेजी से आगे बढ़ा रहे है निशा यादव को न्याय दो चल रहे चंदौली में क्रमिक अनशन में अपनी पत्नी समेत खुद 50 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे साथ ही किसान यूनियन के सदस्यों को 50 घंटे की भूख हड़ताल पर बै ठाते रहे हैं जनता की मांगों को लेकर दिनांक 10 सितंबर 2022 को बबुरी थाना दिवस मैं अधिकारियों से मिलने अपने किसान नेताओं संग पहुंचे थे जहां पर मुगलसराय का तहसील प्रशासन समेत बबुरी के थाना अध्यक्ष उनकी मांगों को सुनने के बजाय आग बबूला होकर सरकारी कामकाज में बाधा का मुकदमा डालकर 2 किसान नेताओं को चौकाघाट कारागार भेज दिया गया भाकपा माले इस पूरी घटना की कड़ी निंदा करती है व जिला प्रशासन से बिना शर्त रिहाई की मांग करती है। प्रतिनिधिमंडल में शशिकांत सिंह, रमेश राय, उमानाथ चौहान, श्याम देई,कृष्णा राय शामिल रहे।
Young Writer, चंदौली। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपर जोन, जोन व सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गई है। जिला प्रशासन की ओर से जिले को पांच सुपर जोन, 15 जोन और 34 सेक्टर में बांटा गया है। इसमें प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। यह आदेश 12 सितंबर से अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी संजीव सिंह सभी सुपर जोन जोन व सेक्टर मजिस्ट्रेट इनको आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किया।
जनपद में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस के क्षेत्राधिकारी स्तर से लेकर चौकी प्रभारी स्तर के अफसर तैनात किए गए हैं। वहीं हर थानों के लिए जोनल मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गयी है। तहसीलदार सदर चंदौली कोतवाली का दायित्व निभाएंगे, सैयदराजा थाना के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, कंदवा थाने के लिए उपायुक्त उद्योग, अलीनगर थाने के लिए जिला विकास अधिकारी, मुगलसराय कोतवाली के लिए तहसीलदार डीडीयू नगर, बबुरी थाने के लिए अधिशासी अभियंता आरईएस, सकलडीहा थाने के लिए तहसीलदार सकलडीहा, धानापुर के लिए बीएसए, धीना के लिए परियोजना निदेशक, बलुआ थाना के लिए डीओ, चकिया कोतवाली के लिए तहसीलदार चकिया, इलिया थाने के लिए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खण्ड, शहाबगंज थाना के लिए अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग चंद्रप्रभा प्रखण्ड, नौगढ़ व चकरघट्टा थाने के लिए तहसीलदार नौगढ़ जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। जिलाधिकारी संजीव सिंह कहा कि जो अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उसे ईमानदारी पूर्वक निर्माण करें, ताकि शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साथ पुलिस अधिकारी सामंजस्य स्थापित करके कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य में नहीं होगी। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाना सभी का दायित्व है इसमें नागरिकों का भी सहयोग ले और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का प्रयास करें।
बलुआ घाट पर गंगा आरती करते गंगा सेवा समिति के बटुक।
Young Writer, चहनियां। बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर नमामि गंगे अंतर्गत दो दिवसीय आजादी का अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन कार्यक्रम में रविवार की देर शाम को पूरा घाट दीपों से जगमग हो गया। रात्रि में दूसरे दिन भी भव्य गंगा आरती हुई। नुक्कड़ नाटक के पश्चात अधिकारियों ने समिति के लोगो को सम्मानित किया। देर रात तक कार्यक्रम चला।
भारत सरकार की महत्वपूर्ण कार्यक्रम नमामि गंगे के अंतर्गत आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन कार्यक्रम जिलाधिकारी चन्दौली के निर्देश पर चल रहे दो दिवसीय कार्यक्रम बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर रविवार की देर शाम को पश्चिम वाहिनीं घाट दीपों से जगमग हो उठा। दीपोत्सव का उद्घाटन प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्य जीव प्रभाग चंदौली दिनेश सिंह ने दीप प्रज्वलित करके किया। सैकड़ों लोग, अधिकारियों व गंगा सेवा समिति के लोगो ने दीपोत्सव कार्यक्रम में भागीदारी किया। ततपश्चात समिति द्वारा मां गंगा की भव्य श्रृंगार कर एक घण्टे तक मां गंगा की महाआरती समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के नेतृत्व में बटुकों द्वारा हुआ। हर हर गंगे के नारों से घाट गूंज उठा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम केन्द्र व प्रदेश सरकार का उद्देश्य गंगा को निर्मल व अविरल रखने के लिए दूरदराज से आये कलाकारों विकास पाण्डेय, सपना रानी, खुशबू परिकर व अन्य कलाकारों द्वारों नाटक के माध्यम से जागरूक किया गया। कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष ऐसे कार्यक्रमो का आयोजन होता है जिसका उद्देशय आम जनमानस में गंगा को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक करना है। हमारे दैनिक जीवन मे जल का बहुमूल्य योगदान है । जल ही जीवन है । माँ गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प हर लोगो को लेना होगा। गोष्ठी में समिति के अंकित जायसवाल, राजेश साहनी, विशाल मोदनवाल, मोनू साहनी, मुकेश साहनी, जुगनू पासवान, बृजेश साहनी, नीरज कुमार, प्रिंस निषाद, अजय साहनी आदि को अधिकारियों ने सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी नित्यानन्द पाण्डेय, दरोगा राजेन्द्र सोनकर, संजीव कुमार, अभिषेक यादव, जितेंद्र सिंह, राजेश सोनकर, सतीश साहनी, राज कुमार, कन्हैया सेठ, धीरज मोदनवाल, रिंकू यादव, श्याम आदि लोग उपस्थित थे।