26 C
Chandauli
Saturday, October 17, 2026

Buy now

Home Blog Page 509

चित्रकारी के जरिए बालिका शिक्षा व सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

गरला गांव में आयोजित चित्रकारी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती बालिकाएं।

पीरामल फाउंडेशन व इप्सिता फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम आयोजित

Young Writer, चंदौली। नीति आयोग सहयोगी संस्था पीरामल फॉउंडेशन व इप्सिता फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद सुदूर वनवासी ग्राम गरला व नई गरला बस्ती के जनजातीय किशोरी बालिकाओं के शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बालिकाओं को गुणवत्ता परक शिक्षा व उसकी महत्ता के बारे में जानकारी देने के साथ ही कुपोषण, एनीमिया, सुरक्षा व स्वास्थ्य के संदर्भ में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
साथ ही किशोरियों के विकास हेतु समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु ग्राम प्रधान जितेन्द्र कुमार ने भी अभिभावकों को रूढ़तावादी सोच से बाहर निकलकर किशोरियों को पुनः विद्यालय वापस भेजने के लिए प्रेरित किया। साथ ही इप्सिता फाउंडेशन की स्वयंसेविका श्रीमती नीलम को समाजिक कार्य हेतु सम्मानित कर अन्य किशोरियों हेतु उदहारण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के तहत बालिकाओं ने ’उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान’ को बलवती बनाने हेतु समुदाय में दहेज़ प्रथा, स्कूल वापसी, बाल विवाह विषय पर गायन व चित्रकारी के माध्यम से कर पूर्वाग्रहों को तोड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर फाउंडेशन के अजय सिंह, दिलीप सिंह, मुकेश सिंह, विभा पाण्डेय उपस्थित रहे।

गरला गांव में पौधरोपण करते संस्था के लोग व ग्रामीण।

इसके अलावा विश्व पर्यावरण संरक्षा प्रतिबद्धता के 50 वर्ष पूर्ण होने पर वैश्विक स्तर पर ’केवल एक धरती’ का सन्देश उत्सव मनाने वाला है। इसी आलोक में विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में वनवासी ग्राम गरला में सामुदायिक सहभागिता से किशोरों के मध्य पर्यावरण विषय पर चित्रकारी गतिविधि का आयोजन हुआ। ग्राम प्रधान जितेन्द्र कुमार ने समुदाय के बीच शुद्ध पेयजल, वृक्ष की महत्ता, जल जीवन मिशन, स्वच्छ वातावरण हेतु सामूहिक प्रतिबद्धता पर विचार रखे। साथ ही ग्राम प्रधान व ग्रमीणों के साथ पीरामल फाउंडेशन टीम ने पर्यावरण संरक्षा के संदेश हेतु वृक्षारोपण किया।

बलुआ गंगा घाट परयात्री विश्रामालय में पार्क हो रही गाड़ियां

बलुआ गंगा घाट पर जिला पंचायत निधि से बना टीन शेड यात्रि विश्रामालय में खड़ी गाड़िया।

Young Writer, चहनियां। पश्चिम वाहिनी बलुआ गंगा घाट लोगों के आस्था का केंद्र है। जहां मुख्य त्यौहारों के अलावा मौनी अमावस्या पर हर वर्ष लाखों लोगों की भीड़ एकत्रित होती है। इसके अलावा प्रतिदिन हजारों लोग शव दाह के लिए घाट पर आते है। उनको धूप व बारिश से बचाने के लिए जिला पंचायत चंदौली की निधि से टीन शेड, यात्री विश्रामालय बनाया गया है। जिसे कतिपय लोग निजी स्वार्थ में पार्किंग स्थल बनाने पर तुले हुए है। जिसे लेकर गंगा सेवा समिति सहित अन्य क्षेत्रीय जनों ने आक्रोश व्यक्त किया है।
बलुआ गंगा घाट पर प्रतिदिन शवदाह के लिए हजारों लोग आते रहते है। आने के बाद गर्मी की दुपहरिया में होने वाली कड़ी धूप या बारिश के मौसम में वर्षा से होने वाली दिक्कत को महसूस करते हुए गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल व भाजपा नेता अरविन्द पांडेय द्वारा शासन प्रशासन व मंत्रियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। जिसको संज्ञान लेते हुए तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह ने अपनी निधि से टीन शेड युक्त यात्री विश्रामालय का निर्माण पिछले दिनों पूर्ण कराया है। इस सम्बन्ध में गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि कतिपय लोग अपनी नेतागिरी और दबंगई का परिचय देते हुए इस यात्री विश्रामालय को पार्किंग स्थल बनाने पर तुले हुए है, जिससे आम जनमानस व श्रद्धालु त्रस्त हैं। ऐसे लोगों को मना करने पर ये लोग मारपीट करने पर उतारू हो जा रहे है जबकि पुलिस प्रशासन अपनी आंख बन्द कर सबकुछ देख रहा है। यदि यही स्थिति रही तो यात्री विश्रामालय बहुत जल्दी क्षतिग्रस्त हो जायेगा। उन्होंने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है ऐसा न होने पर बड़े अधिकारियों को अवगत कराते हुए उग्र धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।

कोविड-19 में जीवन रक्षक कार्य करने वाले उद्यमियों को मिला सम्मान

कलेक्ट्रेट सभागार में उद्‍यमियों संग जीबीसी समारोह का प्रसारण देखते डीएम।

कलेक्ट्रेट में सभागार में डीएम की मौजूदगी में ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह का हुआ प्रसारण

Young Writer, चंदौली। जनपद स्तर पर ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह (जीबीसी-3) का आयोजन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार चंदौली में किया गया, जिसमें लखनऊ में आयोजित हो रहे ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में प्रधानमंत्री द्वारा देश के उद्यमियों के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ। उक्त कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजीव सिंह द्वारा जनपद के तीन करोड़ से कम निवेश वाली 16 इकाइयों के उद्यमियों को ओडीओपी उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कोविड-19 महामारी के दूसरी लहर के समय जनपद के 6 आक्सीजन निर्माता इकाइयों के प्रतिनिधियों सास्वत गैसेस के अमित सिंह, इंडियन एयर गैस लिमिटेड के लक्ष्मीकांत दीक्षित, अन्नपूर्णा गैसेस के अजय केसरी, मेडिटेक गैसेस के पीके शाह, विद्या गैसेस एजेंसी के अंजनी सिंहल, अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेस को उनके जीवन रक्षक कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के समय विपिन कुमार अग्रवाल एवं गौतम चौधरी द्वारा जिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग को ऑक्सीजन प्लांट अनुदानित किए गए थे। इस सराहनीय कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा इन्हे सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में स्वस्थ व अनुकूल औद्योगिक माहौल है। शासन के निर्देशानुसार उद्यमियों को उद्योग विकसित करने के लिए पूरी सुविधा, सहयोग और सहूलियत मिलती रहेगी। उद्यमियों की जो भी समस्याएं व शिकायतें रहेंगी उनका प्राथमिकता के आधार पर फौरन निस्तारण होगा। जनपद आदर्श इंडस्ट्रियल एरिया बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, उपायुक्त उद्योग गौरव मिश्र, अध्यक्ष रामनगर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन देव भट्टाचार्य, डीएस मिश्र, चंद्रेश्वर जायसवाल, राकेश जायसवाल सहित उपस्थित रहे।

मारपीट में घायल चौकीदार की इलाज के दौरान हुई मौत

अमिलाई गांव में मृतक के घर शोकाकुल महिलाएं।

Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में बीते मंगलवार को योगेश पासवान के तिलकोत्सव के दौरान आयोजित आर्केस्ट्रा में हुई मारपीट की घटना में घायल गांव के चौकीदार 60 वर्षीय कन्हैया पासवान की मृत्यु शुक्रवार को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान हो गई। मौत की खबर आते ही गांव व परिवार में कोहराम मच गया। जबकि उक्त मारपीट में एक महिला की मृत्यु घटनास्थल पर उसी दिन हो गई थी। गांव में मातम व सन्नाटा पसरा हुआ है।

मृत चौकीदार की फाइल फोटो।

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को अमिलाई गांव में सुभाष पासवान के पुत्र योगेश पासवान का तिलक था, जिसमें मुन्ना पासवान सिकरौली भभुआ बिहार से तिलक चढ़ाने आये थे। तिलक समारोह बीतने के पश्चात आयोजित आर्केस्टा में हुए विवाद के बाद गांव के ही दलित बस्ती के दर्जनों लोग हाथ में लाठी ङंडा और राड लेकर आये और आर्केस्ट्रा में बैठे लोगों से मारपीट करने लगे। बीचबचाव करने आयी वृद्ध राधिका देवी, कन्हैया पासवान समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। जिसमें राधिका देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि गम्भीर रूप से घायल कन्हैया पासवान की बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। कन्हैया 25 वर्ष से बलुआ थाने पर चौकीदार थे। इनके पिता कतवारू भी चौकीदार थे। कन्हैया की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी झुंना देवी, पुत्र मनोज, सनोज, धर्मेंद्र, रंजीत का रो कर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा है। इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक बलुआ राजीव सिंह ने बताया कि इस घटना के बाबत मुकदमा अपराध संख्या 122/22 दर्ज है। जिसमें तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया शेष दो नामजद व अन्य अज्ञात अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस घटना में जो भी दोषी होगा उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जायेगी। गांव में तनाव कम करने के लिए पुलिस बल तैनात किए गए है।

भाजपा ने पूरा नहीं किया काला धन वापस लाने का वादाः लाल बिहारी

सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते लाल बिहारी यादव।

विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष व एमएलसी लाल बिहारी यादव ने गुरुवार को कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने के बाद जनपद के पत्रकारों से रूबरू थे। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रशंसा में कसीदे पढ़े और उन्हें एक बेहतर छवि वाला नेता करार दिया। साथ ही भाजपा को भ्रम फैलाने वाली पार्टी करार दिया। भाजपा ने झूठ व भ्रम को फैलाकर ही देश व प्रदेश में सत्ता हासिल की है। ऐसी पार्टी से कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है। 

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ बोलने में माहिर है। उन्होंने 2014 से पूर्व चुनाव से पूर्व कहा था कि विदेश में काला धन को देश में लाया जाएगा और सभी के खाते में 15-15 लाख रुपए भेजे जाएंगे। ऐसी दशा में कोई गरीब नहीं रहेगा, लेकिन उनके करनी और कथनी में कोई अंतर नहीं है। भाजपा सरकार गरीबी नहीं, बल्कि गरीबों को मिटाने पर लगी है। प्रदेश व देश की जनता को गुमराह करके सत्ता हासिल करने में भाजपा के नेताओं में महारत हासिल है। कोरोना काल के दौरान चावल और गेहूं बांटकर जनता को गुमराह कर दिया। कहीं न कहीं इसमें हम भी दिग्भ्रमित हो गए। इसका नुकसान हमें विधानसभा के चुनाव में हुआ है। इसे ठीक करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से गांव में चौपाल लगाकर कैडर तैयार करने की जरूरत है। लोकसभा चुनाव की तैयारी भाजपा कर रही है लेकिन अभी हम चुप बैठे हैं इसके लिए हम सभी को भी अब तैयार होने की जरूरत है। उपचुनाव के दौरान सभी कार्यकर्ता आजमगढ़ रामपुर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जनता के बीच रखें और पूर्व सरकार के जनहित के कार्यों को जनता के बीच में रखने का काम करें। वहीं दूसरी ओर मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि हम सभी को अपने नेता के प्रति ईमानदारी बरतने की जरूरत है। कहा कि कर्म करो फल की चिंता मत करिए। हम सभी को कार्यकर्ताओं के बीच जाने की जरूरत है। इस दौरान सत्यनारायण राजभर, बाबू लाल यादव, बलिराम यादव, मुसाफिर चौहान, मुन्नी लाल मौर्या, जयप्रकाश, जगमेंद्र यादव, दिलीप पासवान, गार्गी पटेल, नफीस, योगेन्द्र यादव चकरू, चंद्रभानु यादव, सुधाकर कुशवाहा, डा. वीरेंद्र बिंद आदि उपस्थित रहे।

बलुआ इंस्पेक्टर की मौजूदगी प्रेमी–प्रेमिका ने शुरू किया दाम्पत्य जीवन

बलुआ थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक की उपस्थिति में शादी करते युवक युवती।

Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना परिसर इंस्पेक्टर राजीव सिंह की पहल से गुरूवार को एक बार फिर प्रेमी जोड़ा ने थाने में अपने दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की। थाने में ही एक दूसरे को वरमाला पहनाकर परिजनों से आशीर्वाद प्राप्त कर लिया।
बलुआ थाने में गुरूवार को हरधन जूड़ा गांव निवासिनी आशा देवी अपनी बेटी उजाला चौधरी को गांव के ही गौरव चौरसिया द्वारा भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही कराने की तहरीर दिया। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर ने पुलिस कर्मियों को भेजकर गौरव चौरसिया के साथ लड़की को बरामद कर थाने पर लाकर पूछताछ किया तो मामला कुछ और निकला। दोनों एक दूसरे से प्यार करने और साथ रहने की बात स्वीकार की। इसके बाद इंस्पेक्टर ने दोनों के परिजनों से युवक-युवती के बीच हुई बात को बताते हुए उनकी शादी के लिए रजामंद किया। बालिग युवक और युवती के साथ परिजनों की रजामंदी के बाद क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में रजामंदी लिखवाते हुए भविष्य में किसी मंदिर या न्यायालय में शादी करने की बात लिखवाते हुए इंस्पेक्टर की पहल पर थाना परिसर में ही दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाकर मिठाई खिलाकर हंसी खुशी पति-पत्नी के रूप में जीने मरने की कसम खायी। जिसपर उपस्थित लोगों ने ताली बजाकर और पुष्प वर्षा करके दोनों को आशीर्वाद प्रदान किया और इंस्पेक्टर के पहल की सराहना किया।

वेतन नहीं मिलने से परेशान सीएचओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी से लगाई फरियाद

Young Writer, शहाबगंज। हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर पर कार्यरत सीएचओ का दो माह का बेतन और नौ माह का प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी के गिरफ्त में आ गयी है।बेतन मिलने में इसी तरह की समस्या बनी रहेगी तो खर्च चलाने के लिए कर्ज लेना पड़ेगा।कोविड टीकाकरण हो या एनसीडी अभियान सभी में सीएचओ बढ़चढ़कर भाग लेती है।समय पर उपस्थित होकर सभी कार्यों का निर्वहन इमानदारी से करते है।लेकिन दो माह का जहां बेतन बकाया चल रहा है।वहीं नौ महिने का प्रोत्साहन राशि भी विभाग द्वारा नहीं दिया गया।सभी बकाया भुगतान के लिए सीएचओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डा० हीरा लाल सिंह से फरियाद लगायी।इस दौरान निरंजन पाण्डेय, रीता देवी, रघुनंदन,रुपम,इरशाद, अश्वनी, प्रियंका द्वितीय, अंजली, ज्योति, पूजा, श्वेता प्रियंका प्रथम,अंचला सहित आदि सीएचओ उपस्थित रहे।

अमिलाई में महिला की मौत के मामले में दो गिरफ्तार

बलुआ थाने में गिरफ्तार अभियुक्त के साथ पुलिस टीम।

Young Writer, चहनियां। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल घटना में सम्मिलित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु दिये गये निर्देश के क्रम में प्रभारी निरीक्षक बलुआ राजीव कुमार सिंह ने अमिलाई में मौत के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार लिया है। अमिलाई गांव में मंगलवार की देर रात को सुभाष पासवान के घर तिलक समारोह में आर्केस्टा के दौरान हुई मारपीट में 70 वर्षीय महिला राधिका देवी की मौत हो गयी थी। बलुआ पुलिस ने बिधिक कार्यवाही कर जेल भेज दिया।
बताते हैं कि अमिलाई गांव में सुभाष पासवान के पुत्र योगेश पासवान का मंगलवार को तिलक था। जो मुन्ना पासवान, सिकरौली, भभुआ, बिहार से तिलक चढ़ाने आये थे। तिलक समारोह बीतने के पश्चात लड़का पक्ष द्वारा आर्केस्टा का आयोजन था। आर्केस्टा में दलित बस्ती के लोग नर्तकियों को पैसा थमाने के दौरान बदतमीजी करने लगे। जिसपर तिलक समारोह में आए रिश्तेदारों व परिजनों ने मना किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। कुछ लोगों के समझाने पर वे मान गये। किन्तु कुछ ही देर बार लाठी-डंडे, रॉड लेकर आर्केस्टा में बैठे लोगों पर हमला बोल दिया। उस दौरान बीचबचाव करने आई दादी राधिका देवी को भी मारपीट कर हत्या कर दी। वहीं गांव के चार लोग घायल हो गए, जिसमे चौकीदार की हालत गम्भीर है। उपद्रवियों ने तिलक समारोह में तिलक चढ़ाने आये रिश्तेदारों की आधा दर्जन कार व बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। परिजनों द्वारा लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने 5 नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई। जिसमे एक अभियुक्त को पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया था। बलुआ थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह मय फोर्स मुखबिर की सूचना पर रमौली बाजार से बुधवार की देर रात को दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। बलुआ थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बिरेन्द्र कुमार व अनिल उर्फ हिरन, परिजनों के बयान के आधार पर मारपीट के दौरान मौजूद थे। अभी तीन और नामजद की तलाश की जा रही है। इसके अलावा अज्ञात की जांच कर जल्द ही गिरफ्तारी की जायेगी। गिरफ्तार करने वालो में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, भृगुनाथ यादव, उपेंद्र सिंह उपस्थित थे।

आम आदमी की बुनियादी जरूरतों को भाजपा सरकार ने किया पूराः डा.महेंद्रनाथ

भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से रूबरू केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।

Young Writer, चंदौली। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एवं सांसद डा. महेन्द्रनाथ पांडेय गुरुवार को जनपद दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाई और भाजपा को जन-जन की पार्टी कराया दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आम आदमी की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया। उनके जीवन स्तर में बड़ा बदलाव लाया। विकासपरक व कल्याणकारी योजनाएं लाकर आम आदमी को आर्थिक संबल प्रदान करने का काम भाजपा सरकार ने किया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र किया। साथ ही यह बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम आदमी की कितनी फिक्र करते हैं। डा. महेंद्रनाथ भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया कर्मियों से रूबरू थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार ने राजनीति में विश्वनीयता को कायम किया है। पहले की सरकारों में करनी और कथनी में बहुत अंतर था, लेकिन भाजपा सरकार ने जो वादा किया है। उसे पूरा करके दिखाया है। सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। कहा कि 130 करोड़ की आबादी के बीच 35 करोड़ लोगों का जनधन में खाता है। स्वच्छ भारत योजना में शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना में लोगों के आवास का सपना पूरा हुआ। वहीं आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीबों जरूरतमंदों को पांच लाख तक का इलाज की सुविधा देकर बड़ी मदद पहुंचायी है। इसके अलावा गरीबों को राशन उपलब्ध कराने का काम किया गया है। कहा कि किसानों की समृद्धि देश की समृद्धि है। इसलिए किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि में धनराशि भेजने का काम किया है। केंद्र सरकार ने 101 करोड़ की 60 छोटी परियोजनाओं को पूरा करने का काम किया जा रहा है। चंदौली में 2.74 करोड़ की मेडिकल कालेज निर्मित किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने गरीबों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 15 एम्स के निर्माण कार्य कराया है। इसमें नौ का कार्य पूर्ण हो चुका है। आठ साल में 12 लाख से ज्यादा डॉक्टर बढ़े हैं। साथ ही 170 नए मेडिकल कालेज बनाये जा रहे हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा किया। इस मौके पर जिला प्रभारी मीना चौबे, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, विधायक कैलाश आचार्य, रमेश जायसवाल, मीडिया प्रभारी हरिवंश उपाध्याय, शिवराज सिंह, राणा प्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह, सुजीत जायसवाल जितेंद्र पाण्डेय आदि लोग मौजूद रहे।

समाजवादी पार्टी ने कन्हैया यादव को दी पांच लाख की मदद

मनराजपुर में कन्हैया यादव को पांच लाख का चेक प्रदान करते सपाई।

मनराजपुर पहुंचकर सपाइयों चेक देकर बांटा पीड़ित परिवार का दर्द

Young Writer, सैयदराजा। मनराजपुर में पुलिस दबिश के दौरान निशा यादव के मौत के मामले में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार को पांच लाख की आर्थिक मदद प्रदान की है। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर व सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण की अगुवाई में सपाइयों का एक दल गुरुवार को मनराजपुर पहुंचा और मृतका के पिता कन्हैया यादव को पांच लाख का चेक प्रदान कर उनके दर्द को बांटा। साथ ही निशा यादव को न्याय दिलाने के लिए जारी संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी चेक।

विदित हो कि गत दिनों सैयदराजा पुलिस की दबिश के दौरान मनराजपुर निवासी कन्हैया यादव की पुत्री निशा यादव की मौत हो गयी, वहीं दूसरी बेटी घायल हो गयी। मामले में पुलिस पर निशा यादव के हत्या के आरोप लगे तो मामले ने तुल पकड़ लिया। देखते ही देखते राष्ट्रीय स्तर के कई दलों के नेताओं ने प्रकरण को संज्ञान लिया तो चंदौली पुलिस ने फौरी-तौर पर कार्यवाही करते हुए सैयदराजा इंस्पेक्टर को निलंबित करते हुए मामले को शांत करने का प्रयास किया। लेकिन एक के बाद एक कई राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने मनराजपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार का दर्द बांटा और मामले में आरोपी पुलिस वालों पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्यवाही किए जाने की मांग की। साथ ही सीबीआई व हाईकोर्ट के जज की निगरानी में जांच कराने की मांग को भी उठाया। ऐसे में सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मनराजपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार के सदस्यों से मिलकर उनका दर्द बांटा और मदद का भरोसा दिया। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने इस प्रकरण में अपनी बेटी को खोने का दर्द झेल रहे कन्हैया यादव को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देकर उनके दर्द को बांटने की पहल की।

इस क्रम में पार्टी की ओर से जारी चेक को लेकर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर व सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के साथ समाजवादी पार्टी का एक दल मनराजपुर में कन्हैया यादव से मिला और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए पांच लाख का चेक प्रदान किया। साथ ही निशा यादव को न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को आगे बढ़ाने का भी भरोसा दिया। इस दौरान पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव, महासचिव नफीस अहमद गुड्डू, चंद्रशेखर यादव, संतोष यादव, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार, परवेज अहमद जोखू, अंजनी सिंह, बलिराम यादव,योगेंद्र यादव चकरू ,अजय मौर्या, गार्गी सिंह पटेल आदि उपस्थित रहे।

Chandauli
clear sky
26 ° C
26 °
26 °
62 %
1kmh
6 %
Sat
26 °
Sun
32 °
Mon
32 °
Tue
32 °
Wed
32 °
Verified by MonsterInsights