Young Writer, सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की शंखनाद हो गया है। बुधवार को 12 मई को होने वाले नामांकन से पूर्व पुलिस और चुनाव अधिकारी व महाविद्यालय प्रशासन ने संभावित छात्र उम्मीदवारों से संवाद कर शांतिपूर्ण चुनाव में सहभागिता निभाने की अपील किया। इस दौरान उम्मीदवारों को लिंग दोह कमेटी का पालन व अन्य निर्देशों से अवगत कराया। महाविद्यालय में जिलाधिकारी संजीव सिंह की अनुमति पर मुख्य चुनाव अधिकारी डा. शमीम राइन ने आगामी 21 मई को चुनाव कराने व 12 मई को नामांकन तिथि की घोषणा क्रमशरू किया है। इसको लेकर पुलिस के अधिकारियों ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने को लेकर तैयारी शुरू कर दिया है। नामांकन से पूर्व महाविद्यालय के सभागार में संभावित उम्मीदवारों के साथ संवाद स्थापित कर लिंग दोह कमेटी के अनुसार चुनाव का पालन करने का निर्देश दिया। वही सीओ अनिरूद्ध सिंह ने छात्र उम्मीदवारों से शांतिपूर्ण चुनाव कराने का अपील किया। चेताया किसी प्रकार की अशांति होने पर सम्बन्धित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। इसके पूर्व क्रमशः छात्र नेताओं ने परिचय पत्र व रसीद के बारे में चर्चा किया। अंत में प्राचार्य डा. प्रदीप कुमार पांडेय व कोतवाल विनोद मिश्रा ने भाईचारा के साथ चुनाव लड़ने की अपील किया। इस मौके पर सहायक चुनाव अधिकारी जितेन्द्र यादव, यज्ञनाथ पांडेय, श्यामलाल, पर्वेक्षक अखिलेश पांडेय, कविन्द्रनाथ सहित छात्र नेता मौजूद रहे।
इनसेट में…….
महाविद्यालय गेट पर लगे पोस्टर को हटवाया
सकलडीहा। छात्र संघ चुनाव लिंग दोह कमेटी के दिशा निर्देश पर कराने को लेकर चुनाव अधिकारी सख्त है। छात्रों की शिकायत पर कॉलेज गेट पर लगी पोस्टर को चुनाव अधिकारी ने कर्मचारियों के साथ पहुंचकर हटवाया।
नामांकन से पूर्व छात्र उम्मीदवारों से पुलिस ने किया संवाद

चंदौली बैंक जा रहे अधेड़ को ट्रक ने कुचला मौत,परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत दुल्हीपुर पुलिस चौकी के समीप बुधवार को ट्रक की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गयी। घटना में ट्रक चालक व हेल्पर मौके पर ट्रक छोड़ फरार हो गए। मौके पर जुटे आस पास के लोगो ने तत्काल उसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले आयी और आगे की कार्यवाही में जुट गई।
बताते है कि महाबलपुर गांव निवासी राम किशुन विश्वकर्मा 50 वर्ष घर से बैंक के लिए निकले थे। जैसे ही दुल्हीपुर पुलिस चौकी के पास पहुचे की पीछे आ रही ट्रक ने उनको रौंद दिया घटना में राम किशुन की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए ज़िला अस्पताल भेज आगे की कार्यवाही में जुट गई। वही रामकिशुन की मौत की खबर लगते ही परिजनों के कोहराम मच गया।
घटना के बाबत स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकानदारों द्वारा सड़क पर ही बालू गिट्टी गिराकर बिक्री किया जाता है। इससे रास्ता अवरुद्ध हो जाता है इससे राहगीरों को आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। और बड़े वाहनों की आवागमन से दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। जिसको लेकर पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
नाले के पानी से लबालब भरा बबुरी प्राथमिक विद्यालय
निकासी का प्रबंध नहीं होने से स्कूल परिसर भर रहा गंदा पानी
Young Writer, बबुरी। कस्ब स्थित प्राथमिक व कन्या पूर्व माध्यमिक स्कूल परिसर में गंदे नाले का पानी गया है। बजबजाता पानी से तेज दुर्गंध उठ रहा है। साथ ही स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के साथ ही शिक्षकों व अन्य कर्मियों के संक्रामक रोग से ग्रसित होने का खतरा बढ़ गया है। कई बार की शिकायतों के बावजूद ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत अधिकारी ने साफ सफाई कराने की जहमत नहीं उठाई, जिससे लोगों में रोष ब्याप्त है।
बताते हैं कि प्राथमिक व कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के ग्राउंड से लगकर बबुरी बाजार का गंदा नाला बहता है जिसकी साफ-सफाई सालों से ना होने के कारण नाला पूरी तरह से पटा हुआ है। गंदगी से पटा होने के कारण नाले का लेयर विद्यालय के ग्राउंड के लेयर से ऊंचा हो गया है जिससे नाले का गंदा पानी स्कूल के ग्राउंड में पूरी तरह से भर गया। गौरतलब है कि बबुरी बाजार के गंदे नाले का निकास समुचित ना होने के कारण यह समस्या लगभग पंद्रह हजार आबादी वाले गांव की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। कई पंचवर्षीय योजनाओं के बदलने के बाद भी कई दशक से नाले की साफ सफाई नहीं हुई है आलम यह है कि बरसात के दिनों में नालियों मे बहने वाला नाबदान का पानी घरों में बहने लगता है। सड़कों पर घंटो तक बरसात का पानी नाबदान के पानी के साथ जमा रहता है। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा जलभराव की शिकायत कई बार किए जाने के बावजूद ग्राम पंचायत अधिकारी अभी तक विद्यालय परिसर में मुआयना के लिए भी नहीं पहुंचे। वही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने स्थलीय निरीक्षण तो किया लेकिन अभी तक उनके द्वारा साफ सफाई के लिए कोई व्यवस्था नहीं कराई गई, जिससे विद्यालय परिसर मे बदबूदार पानी भरा हुआ है। ऐसी स्थिति में विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। बच्चों के अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्दी ही मामले को संज्ञान में लेकर साफ सफाई नहीं की गई तो संक्रामक रोगों से बचाने के लिए हम लोग अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे।
यातायात पुलिस ने 14 स्कूली वाहनों के खिलाफ की कार्यवाही
Young Writer, चंदौली। एसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में टीएसआई दुर्गा दत्त यादव ने यातायात पुलिस बल के साथ चकिया तिराहे पर स्कूलों में संचालित होने वाले वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों के कागजात तलब किए और चालकों का डीएल की वैधता को भी चेक किया। पुलिस चेकिंग में 14 स्कूली वाहन सरकार के मानक को पूरा करने नहीं दिखे, जिस कारण यातायात पुलिस ने उनके खिलाफ कार्यवाही की गयी।
इस दौरान यातायात पुलिस टीम ने खासकर बिना सीट बेल्ट व बना ड्राइविंग लइसेंस के स्कूली वाहन चला रहे चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गयी। इसके अतिरिक्त वाहनों का फिटनेस चेक करने के साथ परमिट के अनुरूप क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में बैठाने तथा नियमों व निर्देशों का पालन न करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की गयी, जिससे क्षेत्राधिकारी यातायात रघुराज द्वारा बताया गया कि समस्त स्कूली वाहनों में फर्स्ट ऐड बॉक्स और अग्निरोधी यन्त्र होना आवश्यक है। इसके अलावा बच्चों के लिए पानी की व्यवस्था भी होना अनिवार्य है। इस अभियान में कुल 27 स्कूली वाहनों को चेक किया गया और 14 वाहनों का चालान विभिन्न धाराओं में किया गया। साथ ही साथ वाहन चालकों को हिदायत दी गयी कि बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ न करें। इस अभियान में लालबहादुर पाण्डेय, रामशंकर यादव व अन्य यातायात पुलिस बल मौजूद रहा है।

अतिक्रमण व गंदगी में जद में आकर अस्तित्व खो रहा प्राचीन पोखरा
सड़सा बाबा पोखरे के जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण की जगी आस
Young Writer, चंदौली। शासन व जिला प्रशासन इन दिनों अमृत महोत्सव मना रहा है। इसी महोत्सव के तहत जिलाधिकारी तालाबों के संरक्षण को लेकर एक विशेष अभियान चला रहे हैं, जिसकी नींव पड़ चुकी है। जिला प्रशासन का दावा है कि जिन तालाब, सरोवर व पोखरों पर अतिक्रमण से उनका अस्तित्व खतरे में आ गया है। उनका जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण करके उसे फिर से पूर्णतः अस्तित्व में लाया जाएगा। ऐसे में चंदौलीनगर के प्राचीन सड़सा बाबा पोखरे के सुंदरीकरण व जीर्णोद्धार की उम्मीदें जगी है। उम्मीद है कि सड़सा बाबा पोखरा के दिन भी बहुरेंगे और चौतरफा हुए अतिक्रमण जिलाधिकारी संज्ञान में लेंगे। जैसा कि उन्होंने स्वयं दावा और वादा किया है।
विदित हो कि नेशनल हाईवे व पुरानी बाजार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग से सटा सडसा बाबा का प्राचीन पोखरा है। उक्त सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों का आगमन होता रहता है। पोखरे में अधिक गंदगी व उससे उठने वाले दुर्गंध लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। दुर्गंध का आलम यह है कि उक्त सड़क से गुजरने वाले लोग मुंह ढक कर गुजरने को विवश है। लेकिन नगर पंचायत इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगो का कहना है कि पोखरे चारों तरफ से अतिक्रमण की चपेट में है और लगातार उसका दायरा अतिक्रमण के कारण सिकुड़ता जा रहा है। इतना ही नहीं पोखरे में चारों तरफ से घरों का गंदा पानी बहाया जा रहा है। कूड़ा-करकट व राख आदि फेंककर उसे अतिक्रमित किया जा रहा है। लोगों ने पोखरे की सफाई के लिए नगर पंचायत कर्मचारियों द्वारा कई बार शिकायत किया गया। बावजूद कर्मचारी पोखरे की सफाई नहीं कराते है। यही कारण है कि पोखरे से उठने वाले दुर्गंध से संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है। यदि जल्द ही पोखरे की सफाई नही कराई गई तो हम लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।
ईद भ्रातृत्व की विराटता के विस्तार का पर्व
डा. उमेश प्रसाद सिंह, ललित निबंधकार
ईद कोई साधारण, सामान्य-सा नहीं है। यह भ्रातृत्व में व्याप्त विराटता के विस्तार का का पर्व है। यह पर्व भाई चारे की मनुष्य जीवन में महिला के यशगान का पर्व है।
संसार भर में मनुष्यों के बीच भौतिक और आत्मिक स्तर पर आश्चर्यजनक समानता प्राकृतिक रूप में प्रगट है। इसी तरह सारे धर्मों के बीच विलक्षण रूप से समानता और एक रूपता व्याप्त है। मगर सत्ता और भ्रामक श्रेष्ठता के पीछे विभ्रान्त आदमी धर्मों के बीच ऊपरी सतह पर मौजूद भिन्नता को ढूढ़कर उनमें व्याप्त विभेद को रेखांकित करता रहता है। ऐसा करने के पीछे उसकी स्वार्थी और संक्रीर्ण मानसिकता का प्रभाव होता है। जब-जब धर्म का उपयोग तलवार और ढाल की तरह होती है, समाज कमजोर और पतनशील होती है। धर्म मनुष्य और मनुष्य के बीच पारस्परिकता को मजबूत बनाने का सबसे सशक्त निमित्त है। पूरे महीने भर आत्म संयम के कठोर नियम के पालन से गहरे आत्मचिन्तन के उपरान्त ईद का पर्व मानवीय पारस्परिकता के यशगान के रूप में प्रतिष्ठित है। भ्रातृत्व की महिमा के आख्यान का यह महत पर्व मनुष्य जाति की मंगलेच्छा का अनूठा उदाहरण है। ईद के उपलक्ष्य में हार्दिक मंगल कामनाएं।
चंदौली में 12 मई को लगेगा निःशुल्क मानसिक चिकित्सा कैम्प
Young Writer, चंदौली। पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय चिकित्सालय के पास 12 मई निःशुल्क मानसिक चिकित्सा कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। उक्त कैम्प शाक्या मेडिकल स्टोर की ओर से आयोजित है, जिसमें मानसिक एवं मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ डा. पूजा पल्लवी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श व दवाएं देंगी। इससे मानसिक रोग से परेशान मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त होगा।
यह जानकारी देते हुए आयोजक संतोष कुमार ने बताया कि मानसिक चिकित्सा कैम्प में मरीजों की मानसिक चिकित्सा संबंधित सलाह डा. पूजा पल्लवी द्वारा दी जाएगी। बताया कि यदि किसी को चक्कर आना, बार-बार बेहोश होना। दांतों का जुड़ना, बार-बार सांस फूलना। उलझन, घबराहट और बेचैनी। सिर दर्द, बदन दर्द, माइग्रेन। मन की उदासी। नकरात्मक विचार, आत्महत्या का विचार करना, मिर्गी व झटका आना। भूलने की समस्या, याददाश्त में कमी, नींद संबंधी समस्याएं, हाथ-पैर में सुन्नपन। नसों में कमजोरी, शक-शंका करना, कानों में आवाज आना। अकेले में बैठे-बैइे बात करना और हंसना, बेवजह उत्तेजित होना। एक ही काम बार-बार करना, बच्चों में चिड़चिड़ापन, अकेले रहना, अधिक गुस्सा आना। बच्चों का पढ़ाई में मन न लगना आदि समस्याएं होने पर मरीज 12 मार्च को शाक्या मेडिकल स्टोर पर आयोजित मानसिक चिकित्सा कैम्प में चिकित्सकीय लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उक्त कैम्प सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। उक्त कैम्प के आयोजन के पीछे मंशा यह है कि गरीब वर्ग के उन तमाम मानसिक रोगियों व उनके परिजनों को राहत दी जाय, जो पैसे के अभाव में अपना व अपने परिवार के सदस्यों का बेहतर दवा-ईलाज करा पाने में असमर्थ हैं।
सकलडीहा छात्र संघ चुनाव के लिये अधिसूचना जारी
12 मई को सुबह दस बजे से तीन बजे तक होगा नामांकन
Young Writer, सकलडीहा। लिंगदोह कमेटी के अनुसार सकलडीहा पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी डा. शमीम राइन द्वारा अधिसूचना जारी कर दिया गया है। 12 मई को सुबह दस बजे से तीन बजे तक अध्यापक कक्ष में नामांकन की प्रक्रिया किया जायेगा। 13 मई को नामांकन पत्रों की जांच व 21 मई को छात्र संघ का चुनाव कराया जायेगा। इसको लेकर महाविद्यालय प्रशासन और चुनाव अधिकारी द्वारा तैयारी शुरू करा दिया गया है।
सकलडीहा पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी डा. शमीम राईन व सहायक चुनाव अधिकारी डा. यज्ञनाथ पांडेय, श्यामलाल यादव, जितेन्द्र यादव, डा. इन्द्रजीत सिंह व पर्वेक्षक अखिलेश पांडेय व कविन्द्रनाथ की संयुक्त बैठक हुई। बैठक के बाद छात्र संघ चुनाव को लेकर तिथिवार अधिसूचना जारी किया गया। जिसमें 12 मई को सुबह दस से तीन बजे तक नामांकन के बाद सूची चस्पा किया जायेगा। 13 मई को नामांकन पत्रों की जांच व प्रत्याशियों की सूची चस्पा किया जायेगा। 14 मई को नाम वापसी और 21 मई को सुबह 9 बजे से 2 बजे तक मतदान होगा। ढ़ाई बजे से मतगणना और चुनाव परिणाम की घोषणा किया जायेगा। इस दौरान कोतवाल विनोद मिश्रा महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन को लेकर जानकारी लिया। इस मौके पर प्राचार्य डा. प्रदीप कुमार पांडेय, डा. दयानिधि सिंह यादव, डा. महेन्द्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
इनसेट—
छात्र संघ चुनावः अध्यक्ष पद के लिए छह ने किया नामांकन
डीडीयू नगर। नगर के लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को विभिन्न पदों के लिए 20 दावेदारों ने आनलाइन नामांकन किया। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए छह, उपाध्यक्ष पर दो, महामंत्री पद पर तीन, पुस्तकालय मंत्री दो, कला संकाय प्रतिनिधि पर पांच, वाणिज्य पद पर एक एवं शिक्षा संकाय प्रतिनिधि पद पर एक दावेदार ने नामांकन किया। चुनाव अधिकारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि आनलाइन नामांकन फार्म व प्रमाण पत्रों की मूलप्रति महाविद्यालय में 11 मई को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक जमा करना है। 11 मई को ही नामांकन पत्रों की जॉच व वैध व अवैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन अपराह 6 बजे तक किया जायेगा।
स्मार्ट क्लास संचालन में शिथिलता पर सदर बीईओ को नोटिस
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने विकास खण्ड नौगढ़ में लगातार अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के मुद्दे पर खण्ड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ को नोटिस देने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया। गणित एवं भाषा के निर्धारित प्रेरणा लक्ष्य को समस्त जनपदीय अधिकारियों को प्रेषित करने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया। प्रत्येक विद्यालय में समूह बनाकर बच्चों को पठन-पाठन को आकर्षक बनाने हेतु टीएलएम के प्रयोग हेतु सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में खण्ड शिक्षा अधिकारी सदर को स्मार्ट क्लास के संचालन में शिथिलता बरतने के कारण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्पष्टीकरण व नोटिस देने के लिये निर्देशित किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ को निर्देशित किया गया कि विकास खण्ड नौगढ़ में शिक्षक एवं छात्रों की उपस्थिति समस्त विद्यालयों में शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाय। ऐसे अध्यापकों के जो बिना अवकाश दिये अनुपस्थित रहने पर कार्यवाही करें। कहा कि मेरे द्वारा निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक बिना अवकाश प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित पाया गया तो उसके साथ खण्ड शिक्षा अधिकारी और हेडमास्टर को भी दण्डित किया जाएगा। आउट ऑफ स्कूल बच्चों के चिन्हांकन हेतु खण्ड विकास अधिकारी तथा एडीओ को निर्देशित किया गया कि कोई भी बच्चा स्कूल में नामांकन से वंचित न रहने पाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, जिला विद्यालय निरीक्षक उपस्थित रहे।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की दी जानकारी
चंदौली। जिलाधिकारी ने पोस्ट पेमेंट बैंक सर्विस के बारे में बताया। कहा कि पोस्ट पेमेंट बैंक की सर्विस बहुत ही उपयोगी है। खास कर उन लाभार्थियों के लिए जो व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लिए पात्र है उनको सरकार द्वारा योजना दी जाती है लेकिन डाटा फीडिंग में गलती के कारण उनके खाते में धनराशि नही पहुंच पाती और ना ही धनराशि न पहुंच पाने का कारण पता चल पाता है। ऐसे में लोग बैंकों का चक्कर लगाते है। ऐसे में पोस्ट पेमेंट बैंक बहुत ही उपयोगी साबित है इस सर्विस से कोई भी खाता धारक चाहे तो किसी भी बैंक में खाताधारक हो इस सर्विस के माध्यम से डाकिये को घर बुलाकर एक बार मे दस हजार रुपये निकाल सकते है।
लाकरधारियों के धरने में शरीक हुए सपा प्रवक्ता मनोज काका
चंदौली कोतवाली पुलिस ने इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक समेत आला अफसरों पर दर्ज किया मुकदमा
Young Writer, चंदौली। जिले के जिला मुख्यालय स्थित इंडियन बैंक के पीड़ित लॉकरधरियो के धरने को देखकर मौके पर पहुंचे सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने की धरने को समर्थन दिया। वही हक की लड़ाई लड़ने का आश्वासन दिया।कहा कि जब तक पीड़ितों की हक नहीं दिया जाएगा। तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका द्वारा लॉकरधारियों द्वारा किए जा रहे धरना को देखकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने लॉकरधारियों के साथ धरना पर बैठकर उनकी बातों को जाना। इसके बाद उन्होंने लाकरधारियों हक की लड़ाई लड़ने की बात कही है। कहा कि इस मामले को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गंभीरता से लिया है और यह मामला सदन में भी उठाया जाएगा। उन्होंने सरकार से भी अपील किया कि लाकरधारियों का हक दिलाने का के लिए आगे आएं। इस दौरान रचना सिंह, अलका तिवारी, सुमन तिवारी, रिंकू कुमारी, मीना गुप्ता, अमित गुप्ता, अश्वनी सिंह, दिनेश सिंह रमाकांत सिंह, सीमा सिंह, राखी सिंह, रेखा सिंह, विजय तिवारी, विजय प्रताप सिंह, कीर्ति सिंह, सहित तमाम लाकरधारी उपस्थित थे।
दूसरी ओर सदर कोतवाली पुलिस ने बैंक प्रबंधन के आला अफसरों पर मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही मुकम्मल की है। मुकदमा दर्ज होने के बाद उप निरीक्षक अरविंद यादव ने एफआईआर की कॉपी लाकर धारियों को सौंपी है। चंदौली कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बैंक के शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया और इस मामले में चंदौली कोतवाली में महाप्रबंधक, सीईओ, जोनल मैनेजर, स्थानीय शाखा प्रबंधक और क्षेत्रीय सिक्योरिटी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।










