Young Writer, चहनियां। उपजिलाधिकारी अजय मिश्रा के निर्देश पर लेखपालों की चार सदस्यीय टीम ने सेवड़ी ग्राम सभा के हुदहुदीपुर गांव में तालाब के लिए जमीन का सर्वे व नापी किया। तालाब को अतिक्रमण मुक्त कर शीघ्र ही यहां तालाब खुदवाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी।
प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने तालाबो के सुंदरीकरण व कब्जा मुक्त कराने का निर्देश जारी किया है। उपजिलाधिकारी सकलडीहा अजय कुमार मिश्रा के निर्देश पर लेखपालों अखिलेश, रामजन्म, विजय एवं सुनील की चार सदस्यी टीम ने ग्राम सभा सेवड़ी, हुदहुदीपुर गांव में तालाब के लिए जमीन का सर्वे किया व नापी किया। यहां पहले तालाब था जो अतिक्रमण के कारण पट गया है। आराजी नम्बर 240, रकबा 0.162, आराजी नम्बर 245, रकबा 0.445 हेक्टेयर जो माल कागजात में तालाब के खाते में दर्ज है व आराजी नम्बर 244मि., रकबा 0.359 हेक्टेयर माल कागजात भीटा के नाम से है। लेखपालों द्वारा जमीन का सर्वे होने के बाद तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने का ग्रामीणों को हिदायत दी। ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा तालाब की जमीन पर जो अतिक्रमण किया गया था उसे जल्द खाली करने की हिदायत दे दी गयी है। जब तालाब का सर्वे हुआ तो उसी के पास लगभग दो से ढाई बीघा और जमीन पर कब्जा किया गया था। एक तरफ तालाब खुदवाकर सुंदरीकरण किया जायेगा तो दूसरी तरफ जो जमीन दो से ढाई बीघा मिला है उस पर कोई योजना लाकर ग्रामीणों के हित के सार्वजनिक बनाया जायेगा। इस दौरान प्रधान आशुतोष कुमार सिंह, राजीव त्रिपाठी, विश्व प्रताप सिंह, अजय कुमार, सचिव साहब, राममूरत यादव, जगरनाथ राय, पिंटू यादव, रामा यादव, राजू आदि ग्रामीण उपस्थित थे।
सेवड़ी ग्राम सभा में नापी गई तालाब के लिए जमीन
अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ ग्रामीण लामबंद
चेताया नहीं सुधरी ग्रामीण इलाकों की बिजली तो होगा बड़ा आंदोलन
Young Writer, चंदौली। जनपद के ग्रामीण इलाकों में हो रही भीषण रात्रि कटौती से आमजन बेहाल है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग की उदासीनता के कारण धीरे-धीरे जन आक्रोश अब आंदोलन का रूख अख्तियार करता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से सटे गांव के लोगों ने अघोषित रात्रि कटौती से आजिज आकर बिछियां धरनास्थल पर धरना दिया। इस दौरान बिजली विभाग पर कई गंभीर आरोप लगाए।
अधिवक्ता झन्मेजय सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के विपरीत इन दिनों गांवों में पांच ही बिजली आपूर्ति हो रही है। बिजली आपूर्ति के मामले में ग्रामीण इलाके के लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। मुख्यालय, शहरी इलाकों व औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली सप्लाई हो रही है, लेकिन गांवों में रहने वाले लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। इससे गर्मी के दिनों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा। बिजली न होने से गर्मी में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। लोगों की रात की नींद ना पूरी होने से उनकी दिनचर्या व सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कांग्रेस नेता मधु राय ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। सूबे के ऊर्जा मंत्री दावा धरातल पर नहीं दिखाई देता है। सरकार अफसरों पर लगाम लगाने में विफल है। इसके चलते गांवों में लोगों का जीवन दुश्वार हो गया है। चेताया कि यदि ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था तत्काल नहीं सुधरी तो ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे। इस मौके पर रामाश्रय, बृजेश सिंह, आरपी सिंह, बबलू सिंह, सोनू सिंह, राजेश मौर्य, प्रदीप यादव, बलवंत, मुन्नी, श्रीपति, वीरेंद्र सिंह रहे।
शत-प्रतिशत नामांकन के लिए हाउसहोल्ड सर्वे में आयी तेजी

Young Writer, चहनियां। योगी सरकार द्वारा शत-प्रतिशत बच्चों को स्कूल में दाखिला कराये जाने के संकल्प और निर्देश के बाद शिक्षक गांव-गांव, घर-घर में जाकर ग्रामीणों से उनके बच्चों स्कूल में दाखिला कराने के लिए जागरूक व प्रेरित कर रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों की उम्र व पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी जानकारी जमा की जा रही है। ग्रामीणों से बच्चों को स्कूल भेजने और उनके नामांकन कराये जाने को लेकर प्रेरित कर रहे है। शिक्षकों को गांव व अपने घरों में पाकर ग्रामीणों में भी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
एक भी बच्चा छुटा तो हमारा शिक्षा का संकल्प टूटा के स्लोगन के साथ सरकार ने सबको शिक्षित करने के लिए स्कूल में बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन के लिए संकल्प व्यक्त करते हुए फरमान जारी कर दिया है। शासन के निर्देशानुसार बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक स्कूल के बाद गांव गांव जाकर हर घर घर में ग्रामीणों से मिलकर उनकी आयु और स्कूल जाने की स्थिति की जानकारी लेकर स्कूल आने और नामांकन कराने का निवेदन कर रहे है। इसी क्रम में कम्पोजिट विद्यालय बछौली के शिक्षक भी जमुरना, बछौली, केशवपुर व सलेमपुर गांव में जाकर गृह सर्वे करके लोगों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक कर रहे है। इस सम्बन्ध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामविलास प्रसाद ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग ने 20 प्रतिशत अधिक नामांकन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए गृह सर्वे का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे कम्पोजिट विद्यालय बछौली में कक्षा 1 से 8 तक 323 बच्चे नामांकित है जिसे 20 प्रतिशत वृद्धि के साथ 358 का लक्ष्य पूरा करना है। इसीलिए विद्यालय के शिक्षक अखिलेश त्रिपाठी, प्रवीण त्रिपाठी, सुदर्शन प्रसाद, बबीता कुशवाहा, सुषमा पाल, अमृतलाल और विजय बहादुर गांवों में घर-घर जाकर छात्र-छात्राओं का आंकड़ा एकत्रित कर रहे है और अभिभावकों से उन्हे स्कूल भेजने के लिए प्रेरित कर रहे है।
जनपद में अकीदत के साथ अदा की गयी अलवेदा की नमाज
चंदौली में आठ बजे अदा की जाएगी ईद-उल-फित्र की नमाज
Young Writer, चंदौली। इबादत, बरकत व मगफिरत को अपने आप में समेटे माह-ए-रमजान विदा हो रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार को अलवेदा की नमाज जनपद में शांति-सद्भाव व पूरी अकीदत के साथ अदा की गयी। दो वर्ष कोविड संक्रमण काल को झेल चुके आम-आवाम ने अपने पास-पड़ोस के मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की। इस दौरान जहां ईद-उल-फित्र त्यौहार को लेकर में खुशियां व उत्साह दिखा, वहीं माह-ए-रमजान के विदा होने का कसक भी नजर आया। अलवेदा को लेकर सुबह से ही मुस्लिम इलाकों में तैयारियां देखने को मिली। लोग घरों के साथ-साथ मस्जिदों की साफ-सफाई करने में जुटे रहे।
इस क्रम में चंदौली जिला मुख्यालय स्थित जामा एवं शाही मस्जिद पर अलवेदा का नमाज अदा की गयी। इस दौरान नमाज अदा करने के भारी संख्या में मुस्लिम बंधु मस्जिदों में जमा हुए। दो वर्ष कोविड-19 संक्रमण काल में बंदिशों के कारण घरों के अंदर नमाज अदा करने वाले मुस्लिम बंधुओं को अबकी बार मस्जिदों में नमाज अदा करने का मौका मिला, जिसे लेकर मुस्लिम बंधुओं में उत्साह व खुशी देखने को मिली। इस दौरान शाही मस्जिद में तकरीर करते हुए मौलाना इलियास ने कहा कि ईद की नमाज से पहले फितरे की पैसा हर हाल में अदा कर दें, क्योंकि फितरा का पैसा अदा किए बिना आपके रोजे कबूल नहीं होंगे। बताया कि अबकी बार चंदौली ईदगाह में ईद की नमाज सुबह आठ बजे अदा की जाएगी। लिहाजा सभी मुस्लिम बंधु तय समय से पहले ईदगाह में उपस्थित होकर ईद की नमाज को अदा करें। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच अलवेदा की नमाज अदा कर मुस्लिम बंधुओं अमन-चैन के लिए दुआ की। इसी तरह चंदौली जनपद के शहरी, कस्बाई व ग्रामीण इलाकों में अलवेदा की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गयी। इस दौरान मुस्लिम इलाकों में अलवेदा को लेकर रौनक देखने को मिला। लोग नए लिबास में अपने हमउम्र साथियों, परिवार के लोगों के साथ मस्जिद पहुंचे और अलवेदा की नमाज अदा की।

अलवेदाः नन्हें उमैर ने मिल्लत की मजबूती के लिए मांगी दुआ
Young Writer, धानापुर। देश व दुनिया पर आए आफत के बीच शुक्रवार को माह-ए-रमजान के अंतिम जुमा यानि अलवेदा की नमाज अदा की। इस दौरान हर शख्स समाज में तेजी से फैली रही किल्लत को दूर करने के साथ लोगों के बीच कायम मिल्लत के दायरे मजबूत करने की दुआ करना नजर आया। ऐसे में धानापुर पठान टोली निवासी उमैर पठान ने भी परिवार के साथ अलवेदा की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की। बाद नमाज उन्होंने तमाम उन गरीब, असहाय व बेबस लोगों के लिए दुआ की, जो पैसों व संसाधनों के अभाव में रमजान व ईद की खुशियों से महरूम हैं।
उमैर पठान ने बीमार लोगों के सेहत आफ्ता होने की दुआ की। साथ ही कोरोना जैसी वैश्विक बीमारी से आदतजात को बचाने की दुआएं की। वहीं विश्व व देश में फैलती अशांति व तेजी से संकुचित होते अमन-चैन के दायरे के विस्तार की दुआ मांगी। अपनी दुआओं में उन्होंने सर्वधर्म के अशक्त लोगों की बेहतरी, भलाई व उनके दिनी जरूरतों को पूरा करते हुए उनकी मुश्किलों को आसान करने की दुआ की। दरअसल छह साल के नन्हें उमैर हर बार जब भी वे नमाज अदा करते हैं कि उन तमाम गरीब लोगों के लिए दुआएं करते हैं जो अपने जीवन को जीने के लिए हर दिन तमाम दुश्वारियों व मुश्किल भरे हालात से जूझते हैं। उन्होंने कोरोना काल को देखा और अपने पास पड़ोस के इलाके में लोगों को कोविड-19 संक्रमण के कारण मौत को आगोश में जाते हुए देखा और उस तकलीफ को बेहद करीब से महसूस किया है, लिहाजा वह हर किसी की सलामती की दुआ करते हैं और इस वैश्विक महामारी के समूल नाश की खुदा से दुआ करते हैं ताकि अब आगे आने वाले दिनों में इस जानलेवा बीमारी से किसी और की जान न जाने पाए। अलवेदा की नमाज के बाद उन्होंने उन गरीब मुस्लिम भाई-बहनों के लिए खुशियां दुआ में मांगी, जो मुश्किलों से घिरे हैं और आर्थिक संकट के कारण ईद व रमजान की खुशियां चाहकर भी मना नहीं पा रहे हैं। उन्होंने ऐसे भाई-बहनों की मदद के लिए दुआएं मांगी।

पुलिस ने चोरी की पांच बाइको सहित दो चोरों को पकड़ा
Young Writer, कमालपुर। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार अपराधियों की धर पकड़ वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में बुधवार की रात में वाहन चेकिंग के दौरान धीना पुलिस ने सिलौटा नहर की पुलिया पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों सहित पकड़ा। जांच में आरोपियों से चोरी की बाइक मिलने पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीन और बाइकें बरामद की। इनके साथ संलिप्त और साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इस बाबत धीना थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने दोनो चोरों के बारे में जानकारी दी। बताया कि देर शाम जनौली तिराहे पर मोटरसाइकिल चेकिंग की जा रही थी तभी चेकिंग के दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि एवती की तरफ से दो बाईको पर सवार दो चोर चोरी की मोटरसाइकिल लेकर कही बेचने के लिए जा रहे है। सूचना के बाद फौरन पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबन्दी कर बाइक सवार दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब कड़ाई पूछताछ किया कि दोनो ने खण्डहर में छिपकर रखी तीन और बाइकों की जानकारी दी। शातिर किस्म के बाइक चोरो की निशानदेही पर रैथा डाक बंगले की खण्डहर में छिपकर रखी गयी। तीन और बाइके पुलिस ने बरामद की। धनाध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले भी दोनों आरोपी चोरों को जेल जा चुका है। टीम चौकी इंचार्ज सुग्रीव गुप्ता, उपनिरीक्षक रामनरायन यादव, संजय सिंह, सुधीर कुमार सिंह, हरेंद्र यादव, राहुल चौहान आदि रहे।
चंदौलीः घर से निकला था पशुओं को भूसा लाने घर पहुंचा शव
Young Writer, चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार को एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गया। मौके जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को घटना स्थल पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले आयी और आगे की कार्यवाही में जुट गयी।
बताते है कि सकलडीहा क्षेत्र के रतनपुरा गाँव निवासी राजेश राजभर 45 वर्ष अपने पशुओं को चार व भूसा लेने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वो भोजापुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। कि विपरीत दिशा से आ रही तेज़ रफ़्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। आस पास के ग्रामीणों की सूचना पुलिस ने शव का जांच पड़ताल किया तो मृतक की जेब से आधार कार्ड व फोटो बरामद कर तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दिया।और शव की कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। राजेश की मौत खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भारी संख्या ने परिजन व ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुच गए।
स्वरोजगार के लिए अनुसूचित जाति को अनुदान पर मिल रहा ऋण
Young Writer, चंदौली। गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन कर रह रहे बेरोजगार व्यक्तियों जिनकी शहरी क्षेत्र में वार्षिक आय रू0 56460 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 46080 से कम हो उनके स्व रोजगार हेतु प्रदेश सरकार द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वरोजगार योजना, नई टेलरिंग शॉप योजना, निजी भूमि पर दुकान निर्माण योजना तथा लाण्ड्री एवं ड्राईक्लीनिंग इकाई स्थापित करने के लिए अनुदान पर ऋण मुहैया करा रही है।
यह जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य ने बताया कि अनुसूचित जाति के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत रूपये 20 हजार से लेकर 15 लाख तक ऋण उपलब्ध कराया जाता रहा है, जिस पर योजना लागत का नियमानुसार 25 प्रतिशत अंशदान ऋण व मात्र 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर तथा रूपये-10 हजार अनुदान के रूप में निगम द्वारा दिये जाने का प्राविधान है। नई टेलरिंग शॉप योजना इस योजना के अन्तर्गत रूपये-20 हजार धनराशि की परियोजना स्थापित कराये जाने हेतु रूपये 10 हजार शासकीय अनुदान तथा धनराशि 10 हजार ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। इसमें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पारिवारिक लाभ योजना के अन्तर्गत लाभ प्राप्त करने वाली महिलाओं तथा उ0प्र0 राज्य आजिविका मिशन के माध्यम से संचालित स्वयं सहायता समूह में से पात्र अनुसूचित जाति की महिलाओं एवं कौशल विकास मिशन द्वारा सिलाई ट्रेड में प्रशिक्षित व्यक्तियों को वरीयता दी जायेगी। बताया कि दुकान निर्माण योजना के अन्तर्गत आवेदक के पास व्यवसायिक स्थल पर स्वयं की निजी भूमि दुकान निर्माण हेतु 10 हजार अनुदान तथा ब्याजमुक्त ऋण के रूप 68 हजार रुपये दिया जा रहा है। एक लाख की परियोजना में 10 हजार रुपये शासकीय अनुदान तथा धनराशि 90 हजार ब्याजमुक्त ऋण के रूप में दी जाएगी। 2.16 लाख की परियोजना में 10 हजार रुपये शासकीय अनुदान तथा धनराशि 206000 ब्याजमुक्त ऋण के रूप में दिया जाता है। इच्छुक आवेदक अपना अनुसूचित जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय में जमा कर सकते हैं या फिर ब्लाक कार्यालय अथवा सेक्रेटरी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
शांति एवं सौहार्द के साथ सभी मिलकर मनाएं त्यौहार
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवार ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में धर्म गुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की। इस दौरान शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। साथ ही आगामी त्यौहारों को सौहार्द एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अपील की।
इस दौरान डीएम संजीव सिंह ने उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में धर्म स्थलों पर लगे बिना अनुमति के लाउडस्पीकरों को हटाने एवं अनुमति प्राप्त की ध्वनि निर्धारित तीव्रता में करने व उनकी आवाज परिसर में रखने की अपील की गई। आगामी त्यौहारों अक्षय तृतीया व ईद पर सभी से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ शांति, सौहार्दपूर्वक मिलजुलकर आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सावधानीपूर्वक एवं जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनाने त्यौहारों की खुशियां एक-दूसरे से साझा करने की आवश्यकताओं पर बल दिया। कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक व अपुष्ट सूचनाओं एवं किसी व्यक्ति अथवा धर्म के विरुद्ध किसी प्रकार का पोस्ट को प्रसारित ना करें। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया गया कि ऐसा करने वाले के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति की गोष्ठी में उपस्थित हुए समस्त धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों द्वारा त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण मनाने व पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया गया।
आयरन, विटामिन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर है फोर्टिफाइड चावल
डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में कार्यशाला का हुआ आयोजन
Young Writer, चंदौली। फोर्टीफाइड चावल पर जनजागरूकता हेतु एक दिवसीय कार्यशाला गुरुवार को जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। इस दौरान फोर्टीफाइड चावल की विशेषता बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह चावल विटामिन बी12, फोलिक एसिड व आयरन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर है जिसके खाने से पोषक तत्वों की कमी को पूरा किया जा सकता है। फोर्टीफाइड चावल में कई पोषक गुण है। इसके नियमित सेवन से एनीमिया से बचाव होता है तथा बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुनिश्चित होता है। बच्चों एवं महिलाओं के कुपोषण की समस्या को दूर किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बीते 09 जनवरी 2021 को जनपद में सर्वप्रथम पायलट प्रोजेक्ट के रूप में फोर्टीफाइड चावल का शुभारंभ किया गया था। जनपद में कोटे की दुकानों एवं आईसीडीएस विभाग के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के पोषण हेतु पूरक आहार के रूप में इसका वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में इसका उत्पादन किया जा रहा है। बताया गया कि वर्तमान में लगभग 1.5 लाख मीट्रिक टन फोर्टीफाइड चावल का उत्पादन जनपद में किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने उपस्थित स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, बाल विकास विभाग, पंचायत राज विभाग जिला पूर्ति विभाग अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फोर्टीफाइड चावल के विषय में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए लोगों में व्यापक प्रचार प्रसार कर जागरूक किया जाए। इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य व टीकाकरण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के विषय में भी लोगों को बताएं। संबंधित विभाग पंपलेट आदि प्रचार सामग्री तैयार कर लोगों में वितरित कराएं। उन्होंने फोर्टिफाइड चावल के विषय मे व्यापक प्रचार प्रसार एवं जागरूकता हेतु जनसहभागिता की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस संदर्भ में आगामी तीन माह कुकिंग प्रदर्शनी एवं आई सी वैन के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार में सहयोग देने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। फोर्टीफाइड चावल स्वाद, सुगंध एवं दिखने में सामान्य चावल की तरह ही होता है। इसे सामान्य चावल की तरह ही पकाकर सेवन करना चाहिए। इस दौरान सीएमओ, डीआईओएस डा. विजय प्रकाश सिंह, बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे, डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव आदि कोटेदार उपस्थित रहे।










