चंदौली। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय में यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के बीएससी नर्सिंग पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना और मानसिक बीमारियों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना रहा।

इस दौरान मनोचिकित्सक डॉ. नितेश सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्तमान समय में पढ़ाई का दबाव, पारिवारिक समस्याएं, आर्थिक चुनौतियां और बदलती जीवनशैली लोगों को तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं की ओर धकेल सकती हैं। ऐसी स्थिति में समस्या छिपाने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसिक बीमारी कोई कमजोरी नहीं है। इससे पीड़ित व्यक्ति के प्रति भेदभाव करने के बजाय संवेदनशीलता और सहयोग का व्यवहार अपनाना चाहिए। उचित परामर्श और उपचार से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का प्रबंधन किया जा सकता है। उन्होंने ने विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि, समय प्रबंधन और संतुलित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि लगातार मानसिक परेशानी होने पर विशेषज्ञ की मदद लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। इस दौरान साइकियाट्रिक नर्स ममता कश्यप और काउंसलर अजय ने भी मानसिक स्वास्थ्य देखभाल में परामर्श और भावनात्मक सहयोग की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कॉलेज की फैकल्टी सदस्य गजाला, नाजमीन, विजयलक्ष्मी और शमा सहित छात्र-छात्राएं, मरीज तथा उनके तीमारदार मौजूद रहे।

