चंदौली। पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से काला दिवस मनाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में हुआ, जो दिनभर जारी रहा।धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग करने जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान राहुल गांधी प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस ने बलपूर्वक व्यवहार किया और लाठीचार्ज किया। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व एआईसीसी सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों से भाजपा सरकार बौखला गई है। दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ हुई कथित पुलिसिया कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था की अखंडता बहाल होने तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी। इस दौरान मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, तरुण पांडेय सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

