चंदौली। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को बरठी क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज की सड़क धंसने की सूचना पर मौका मुआयना किया। गड्ढे में उतरकर निर्माण सामग्री को चेक किया। इसके बाद सत्ता-शासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। कहा कि ऐसी ही लापरवाही के कारण चंदौली के कटसिला में पुल गिरा था और अब ऐसी लापरवाही बरठी में देखने को मिल रही है। उन्होंने सीधे डीएम चंदौली चंद्रमोहन गर्ग को इसे संज्ञान में लेने और इनती बड़ी लापरवाही को दुरूस्त करने के साथ ही दोषियों को दंडित करने की आवश्यकता जताई।
दरअसल बरठी में बने रेलवे ओवरब्रिज को जोड़ने वाली सड़क शुक्रवार को धंस गयी। जानकारी होते ही मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और उन्होंने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मौके पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी होते ही पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी बरठी पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने पूर्व विधायक को सड़क निर्माण में बरती गयी लापरवाही व भ्रष्टाचार की जानकारी दी। मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि पुल और अप्रोच रोड के निर्माण में सीमेंट-गिट्टी के मानक को ताक पर रखकर पीली मिट्टी मिलाई गई है। कहा कि सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी पर रोलर तक नहीं चलाया गया जिससे पूरी संरचना अंदर से धंस रही है और हाथ लगाते ही भरभराकर गिर रही है। घटिया पुल बनाकर लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने चंदौली के डीएम व संबंधित पीडब्ल्यूडी व रेलवे अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि इस धांधली की उच्चस्तरीय जांच नहीं हुई, तो सपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनता के साथ अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन करेंगे। कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारियों व नेताओं की मिलीभगत करके बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिससे निर्माण परियोजनाएं कुछ ही समय में ध्वस्त हो जा रही है। चेताया कि जब तक कोई भी जिम्मेदार अफसर मौके पर पहुंचकर मानक के अनुसार निर्माण कराने व दोषियों को दंडित करने का भरोसा नहीं देता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर मदन सिंह, रोशन सिंह, अजय कुमार, अनुपम सिंह, परमा यादव, गोपाल सिंह, मुकेश कुमार, संजय मौर्य, करमू कुमार उपस्थित रहे।

