चंदौली। जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने और आने-जाने वाले लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। सीओ ऑपरेशन देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में चकरघट्टा पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने और नशे की हालत में अनावश्यक रूप से घूमने वाले 32 लोगों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने तिवारीपुर बाजार से मझगाई मुख्य सड़क मार्ग और सड़क किनारे शाम छह से रात आठ बजे के बीच अभियान चलाया। इस दौरान कई लोग खुले में शराब का सेवन करते मिले। आरोप है कि शराब के नशे में ये लोग सड़क से गुजरने वाले लोगों का रास्ता अवरुद्ध कर रहे थे। साथ ही सड़क और उसके किनारे शराब की खाली बोतलें तथा नमकीन के खाली पैकेट फेंककर गंदगी भी फैला रहे थे कार्रवाई की जद में चकरघट्टा थाना क्षेत्र के विशेषरपुर, पिपराही, जयमोहनी, तिवारीपुर, जनकपुर, मझगाई, गढ़वा सहित विभिन्न गांवों के लोग आए। इसके अलावा नौगढ़, कर्मा, माची तथा सैदपुर क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोग भी कार्रवाई में शामिल हैं। पुलिस ने सभी 32 व्यक्तियों को कार्रवाई के कारणों से अवगत कराते हुए नियमानुसार चालान किया। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों में खलबली मच गई। अभियान में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चकरघट्टा पुलिस टीम शामिल रही।

