चंदौली। मुख्यालय स्थित सकलडीहा रोड पर मंगलवार को सीओ सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में सदर कोतवाली पुलिस द्वारा दोपहिया और चार पहिया वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस टीम को सड़क पर डंडे के साथ सख्ती से जांच करते देख कई वाहन चालक रास्ता बदलते और इधर-उधर भागते नजर आए।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं मिले या यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए दर्जनों वाहनों का चालान काटा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से बिना हेलमेट और नियमों की अनदेखी कर सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय, दुर्गश यादव, रामजीत यादव,कस्बा इंचार्ज वीरेंद्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक रावेंद्र सिंह,आदि मौजूद रहे।

