चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां के पास नहर के समीप गुरुवार को दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवकों के शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। वहीं, एक युवक का शव बोरे में बंद अवस्था में मिलने से घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। और संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों में छानबीन करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस शवों की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। इसके लिए जनपदवासियों से भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतकों के संबंध में कोई जानकारी हो या उनके लापता होने की सूचना हो, तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि उनकी पहचान की जा सके और घटना की जांच आगे बढ़ाई जा सके। दो युवकों के शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या कारण है, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

