चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित कस्बा पुलिस चौकी के समीप बना सार्वजनिक सुलभ शौचालय इन दिनों शोपीस बनकर रह गया है। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए इस शौचालय पर महीनों से ताला लटका हुआ है। जिससे लोगों को शौचालय की सुविधा के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि यह पांच सीटों वाला वीआईपी सार्वजनिक सुलभ शौचालय भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (बीएचईएल) की सीएसआर निधि से निर्मित कराया गया था। इसका शिलान्यास तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने 26 मई 2022 को किया था। निर्माण के समय इसे स्वच्छता और जनसुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया था। लेकिन वर्तमान में यह अपने उद्देश्य से भटक गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शौचालय के आसपास सब्जी ठेला संचालकों का कब्जा हो गया है। जिससे वहां का वातावरण असुविधाजनक बना रहता है। महिलाओं को शौचालय तक पहुंचने में झिझक महसूस होती है। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल ताला खुलवाकर शौचालय को नियमित रूप से संचालित कराने तथा आसपास के अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सके। इस बाबत अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अभी तक शुलभ शौचालय नगर पंचायत को हैंडओवर नही किया गया है। शुलभ शौचालय में टाला बंद इसकी जानकारी नही है। जल्द ही इसकी जांच कर उसका चालू कराया जाएगा।

