चंदौली। सदर कोतवाली परिसर में शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विजय कुमार त्रिवेदी एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 15 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 7 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को जांच के लिए भेजते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच या कार्रवाई में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय मौजूद रहे।

