चंदौली। सिविल बार एसोसिएशन व जन सहयोग संस्थान की ओर से शुक्रवार को बार सभागार में रक्तदान शिविर व निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 14 रक्तवीरों ने रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित व जागरूक किया। इसके साथ ही वाराणसी से आयी पापुलर अस्पताल की टीम ने अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें चिकित्सा परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क दवाएं भी वितरित की।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी ने बताया कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपने पुत्र अनिकेत सोनी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अबकी बार सिविल बार एसोसिएशन सभागार में कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के लोगों के साथ ही राकेश रत्न तिवारी, संजीव कुमार श्रीवास्तव समेत तमाम अधिवक्ताओं ने रक्तदान किया। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने अपने स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। इसके बाद शासकीय अधिवक्ता शशिशंकर सिंह व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. विरेंद्र कुमार सिंह ने रक्तदान के क्षेत्र में उम्दा कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर हौसला बढ़ाया। कहा कि रक्तदान को महादान की श्रेणी में रखा गया है। ऐसे में रक्तदान के प्रति लोगों को बढ़-चढ़कर आगे आने की जरूरत है। इससे दूसरों की मदद करने के साथ ही खुद की स्वास्थ्य भी ठीक रहता है। आज भी बहुत से लोगों रक्त की कमी के कारण असमय ही काल के गाल में समा जाते हैं। ऐसे में अधिक से अधिक रक्तदान कर रक्त की कमी को पूरा किया जा सकता है। ऐसे आयोजनों से लोग रक्तदान को लेकर जागरूक और प्रेरित होते हैं। साथ ही उन्होंने रक्तदान के क्षेत्र में संस्था के कार्यों की भी जमकर सराहना की। इस अवसर पर झन्मेजय सिंह, अजय कुमार मौर्य, राजेंद्र पांडेय, संदीप कुमार सिंह, दीपक मौर्या, अंकित सिंह, चन्द्रबली पासवान, अनवार अंसारी, रंजीत सोनी, सतनाम सिंह, तनवीर अंसारी, नितेश जैस के अलावा ब्लड बैंक से डा. दिनेश सिंह, संध्या, बृजेश कुमार, अजीत कुमार, लखेन्द्र आदि उपस्थित रहे।

