चंदौली। सैयदराजा नगर में चूड़ा-लाई की दुकान की आड़ में पटाखों के अवैध भंडारण का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घनी आबादी के बीच मकान की तीसरी मंजिल पर छिपाकर रखे गए पांच क्विंटल से अधिक पटाखे बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की इस कार्रवाई ने रिहायशी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सैयदराजा नगर में एक मकान की तीसरी मंजिल पर भारी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे जाने की सूचना पुलिस को मुखबिर के जरिए मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी नामवेन्द्र रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस टीम को मौके पर पांच क्विंटल से अधिक पटाखे मिले, जिन्हें कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि चूड़ा-लाई की दुकान की आड़ में पटाखों का अवैध भंडारण किया जा रहा था। सबसे गंभीर बात यह रही कि बारूद का इतना बड़ा जखीरा घनी आबादी के बीच मकान की तीसरी मंजिल पर रखा गया था। ऐसे में किसी अनहोनी की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास के लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में खलबली मची हुई है। पुलिस अब भंडारण के पीछे जुड़े लोगों और पटाखों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। इस बाबत सीओ नामवेन्द्र रावत ने बताया कि सैयदराजा में अवैध पटाखे का भंडाफोड़ किया गया हैं इसमें एक मकान से पांच कुंतल से ज्यादा पटाखे बरामद किए गए हैं वही मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर कार्यवाई की जा रही हैं।

