दीपावली पर बाजारों में उमड़ा खरीदारी का सैलाब देर रात तक लोगो ने की खरीदारी
चंदौली। दीपावली पर्व को लेकर चंदौली नगर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली जो देर शाम तक बनी रही। त्योहार की खुशियां मनाने के लिए लोगों ंने जमकर खरीदारी की। बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। पूजा सामग्री और मिठाइयों की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली।
दीपावली के मद्देनजर लोगों ने भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं, मिठाइयां, लाई, चूड़ा, गट्टा, खील-बताशे, माला-फूल, मिट्टी के दीये, रंगोली, मोमबत्तियां और पटाखों की जमकर खरीदारी की। घरों को सजाने के लिए भी लोगों ने विभिन्न प्रकार की सजावटी वस्तुएं खरीदीं। बाजार में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी अच्छी खासी भीड़ रही। पूजा-पाठ से जुड़ी दुकानों पर खरीदारों की आवाजाही लगातार बनी रही। दुकानदारों के चेहरे पर भी ग्राहकों की भीड़ देखकर खुशी नजर आई। वहीं, त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सीओं नामेंद्र रावत व सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ पूरे दिन क्षेत्र में वाहनों से चक्रमण करते रहे। उन्होंने बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। हालांकि, बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही के चलते लोगों को जगह-जगह हल्के-फुल्के जाम का सामना भी करना पड़ा। इसके बावजूद दीपावली की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, सजी दुकानों और खरीदारों की चहल-पहल से पूरा बाजार दीपावली के उल्लास में सराबोर नजर आया।
इनसेट—-
दुकानों और घरों में विधि-विधान से हुई भगवान गणेश-लक्ष्मी की पूजा
चंदौली। दीपावली पर्व पर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति भाव से की गई। इस अवसर पर दुकानों और घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही शुभ मुहूर्त में लोगों ने विधि-विधान से भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर, फूल-माला, धूप-दीप और मिठाइयों का भोग लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में विशेष पूजा-अर्चना कर नए बही-खातों का पूजन किया। पूजा संपन्न होने के बाद दुकानदारों ने ग्राहकों और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया। दीपों की रोशनी और पूजा-पाठ से पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

