चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जामडीह गांव स्थित जामेश्वर महादेव मंदिर एवं तालाब का सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि दीपावली के अवसर पर जमेश्वर महादेव मंदिर में करीब 200 वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन किया जाता है।
मान्यता है कि संतान सुख की कामना रखने वाली महिलाएं तालाब में स्नान करने के बाद मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं। इस परंपरा के चलते दीपावली पर यहां बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ जुटती है। महिलाओं की आस्था और श्रद्धा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, महिलाओं की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मंदिर परिसर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

