30.5 C
Chandauli
Friday, October 9, 2026

Buy now

नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट,डीएम-एसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश

- Advertisement -


चंदौली। आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी धार्मिक आयोजन पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही कराए जाएं। किसी भी स्थिति में नई परंपरा शुरू नहीं की जाए। दुर्गापूजा पंडालों में बिजली के तारों और कनेक्शनों की जांच कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। वहीं, रावण दहन स्थलों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संवेदनशील और आयोजन स्थलों का संबंधित अधिकारियों से संयुक्त निरीक्षण कराने तथा कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने त्योहारों के दौरान छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बाजारों में पनीर, खोया सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने और मिलावट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए व्यवस्थाएं समय से पूरी करें। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Election - 2024

Latest Articles

Verified by MonsterInsights