चंदौली। मारूफपुर बाजार में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्थानीय इकाई का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी एकजुटता का परिचय दिया। समारोह में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि, मुख्य वक्ता प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल, विशिष्ट अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी, वरिष्ठ जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल एवं जिला महामंत्री महमूद आलम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष संतलाल मौर्य ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने नवनियुक्त अध्यक्ष संतलाल मौर्य, युवा अध्यक्ष बीरू यादव सहित सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान “व्यापारी एकता जिंदाबाद” और “व्यापार मंडल जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने व्यापारियों से बाजारों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, रंगदारी या उत्पीड़न की घटनाओं की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और राष्ट्र निर्माण में उसका महत्वपूर्ण योगदान है। समारोह में थानाध्यक्ष बलुआ अरुण कुमार सिंह को बेहतर कार्यों के लिए अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न बाजारों से आए सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

