चंदौली। व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में व्यापारी बंधु की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला और क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार ने की।
गोष्ठी में व्यापारी, उद्यमी और सर्राफा व्यवसायियों ने सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं और विभिन्न शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने संबंधित थाना प्रभारियों को समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने शराब की दुकानों के बाहर अनावश्यक भीड़ और शराब पीकर अराजकता करने वालों पर कड़ी निगरानी रखते हुए वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही व्यापारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक होने वाली जनसुनवाई में अपनी समस्याएं रखने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई। खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने और मुख्य मार्ग व आने-जाने वाले रास्तों को कवर करने वाले एंगल पर कैमरे लगाने को कहा गया। अधिकारियों ने आगामी बैठक से पहले अधिकांश समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

